हिंदी
अपने साजन को लेने दुल्हन लेकर आई बारात (Image: Dynamite News)
यह अनोखी शादी प्रतापगढ़ के मांधाता थाना क्षेत्र के कैला कला गांव में रविवार रात हुई। गांव के रहने वाले रामफल प्रजापति के बेटे सर्वेश प्रजापति की शादी महेशगंज के फतूहाबाद जगापुर निवासी शिवपूजन प्रजापति की बेटी खुशी के साथ तय हुई थी।
रविवार रात सर्वेश के घर शादी की तैयारियां पूरी थी। वर पक्ष भी बारात के स्वागत के लिए तैयार बैठा था, लेकिन तभी कुछ ऐसा हुआ जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। दूल्हे के दरवाजे पर दुल्हन की बारात पहुंच गई। खुशी अपने परिवार और 100 से ज्यादा बारातियों के साथ बैंड-बाजे की धुन पर नाचते-गाते कैला कला गांव पहुंची। दुल्हन को इस तरह बारात लेकर आता देख गांव के लोग हैरान रह गए। देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
दूल्हे से शादी करने आई दुल्हन (Image: Dynamite News)
इस शादी की सबसे खास बात यह रही कि दुल्हन की बारात लाने का फैसला किसी विवाद या मजबूरी में नहीं, बल्कि दोनों परिवारों की आपसी सहमति से लिया गया था। दुल्हन के पिता शिवपूजन प्रजापति ने बताया कि शादी को हमेशा के लिए यादगार बनाने के उद्देश्य से दोनों परिवारों ने तय किया था कि इस बार वधू पक्ष बारात लेकर दूल्हे के घर पहुंचेगा।
इसी फैसले के तहत महेशगंज से करीब 50 किलोमीटर की दूरी तय करके खुशी की बारात सर्वेश के घर पहुंची। वर पक्ष ने भी इस पहल का खुले दिल से स्वागत किया। बैंड-बाजे के साथ बारातियों की अगवानी की गई और मेहमानों का पारंपरिक तरीके से स्वागत-सत्कार हुआ।
दुल्हन की बारात गांव पहुंचने की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी इसे देखने पहुंच गए। गांव के बुजुर्गों के लिए भी यह नजारा किसी हैरानी से कम नहीं था। उनका कहना था कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार किसी दुल्हन को इस तरह 100 से अधिक बारातियों के साथ दूल्हे के घर आते देखा है।
अपने साजन को लेने दुल्हन लेकर आई बारात (Image: Dynamite News)
स्थानीय लोगों ने दोनों परिवारों की इस पहल की सराहना की। लोगों का कहना था कि शादी के इस अनोखे अंदाज ने पूरे गांव में उत्साह का माहौल बना दिया। आधुनिक दौर में जहां शादियां मैरिज हॉल और बड़े-बड़े आयोजनों तक सीमित होती जा रही हैं, वहीं इस तरह पारंपरिक अंदाज में निकली दुल्हन की बारात ने लोगों का ध्यान खींचा।
देर रात दुल्हन की बारात दूल्हे के घर पहुंचने की सूचना स्थानीय पुलिस तक भी पहुंच गई। एहतियात के तौर पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। हालांकि, जब पुलिस को पता चला कि दोनों परिवारों की सहमति से खुशी-खुशी शादी का आयोजन किया जा रहा है और वहां सबकुछ शांतिपूर्ण है, तो टीम वापस लौट गई।
इसके बाद शादी की रस्में पारंपरिक तरीके से पूरी की गईं और सर्वेश तथा खुशी विवाह के बंधन में बंध गए। फिलहाल प्रतापगढ़ की यह अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Location : Pratapgarh
Published : 23 November 2026, 3:05 PM IST