एक घर में जुटे थे 20-25 लोग, अचानक पहुंची पुलिस; अमेठी में 10 गिरफ्तार, जांच में सामने आया धर्म परिवर्तन का खेल

अमेठी के कमरौली थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के आरोप में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी रुपये, मेडिकल और शिक्षा संबंधी सुविधाओं का प्रलोभन देकर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करते थे। मामले में छह राज्यों तक फैले नेटवर्क और 200 से ज्यादा लोगों के धर्म परिवर्तन का दावा सामने आया है। जानिए पूरे मामले की कहानी।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 23 November 2026, 2:01 PM IST
google-preferred

Amethi: अमेठी में धर्म परिवर्तन के आरोप में पुलिस ने एक ऐसे नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया है, जिसके तार कई राज्यों से जुड़े बताए जा रहे हैं। कमरौली थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग अनुसूचित जाति की महिला और पुरुषों को रुपये, इलाज और बच्चों की पढ़ाई जैसी सुविधाओं का लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। पुलिस को मौके से धर्म परिवर्तन से जुड़ी चार पुस्तकें भी मिली हैं।

एक घर में मिले 20 से 25 लोग

पूरा मामला अमेठी जिले के कमरौली थाना क्षेत्र का है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी के मुताबिक, सोमवार को पुलिस टीम चेकिंग और वांछित आरोपियों की तलाश में निकली थी। इसी दौरान पुलिस उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के मामले में वांछित राजकुमार के घर पहुंची। पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो वहां करीब 20 से 25 लोग मौजूद थे।

जिस आंगन में गूंजने वाले थे भजन, वहां गूंज उठीं अपनों की चीखें: अमेठी में कलश यात्रा से पहले बेटे की लाश देख मां बेसुध

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए लोगों में राजकुमार उर्फ जुएल, श्रीनिवासन डेनियल, रॉयल रॉडिक्स, महिपाल सिंह बिंद उर्फ विलियम, प्रकाश राव, कन्हैया बिंद उर्फ सैमसन, सूर्यकला उर्फ मार्था, दिव्या डेनियल, रीता रॉडिक्स और एलविना बिलियम्स शामिल हैं। इनमें कुछ आरोपी अमेठी के कमरौली और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं, जबकि कुछ का संबंध महाराष्ट्र के ठाणे और कल्याण, उत्तराखंड के काशीपुर और ओडिशा से बताया गया है।

धर्म परिवर्तन कराने का आरोप

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे सभी मिलकर ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार करते हैं। आरोप है कि अनुसूचित जाति के लोगों को आर्थिक सहायता, मेडिकल सुविधा और बच्चों की पढ़ाई में मदद दिलाने का भरोसा दिया जाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लोगों को बताया कि रिवाइवल चर्च के माध्यम से उन्हें रुपये, इलाज और शिक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

Amethi News

धर्म परिवर्तन के आरोप में 10 गिरफ्तार (IMG: Dynamite News)

छह राज्यों में सक्रिय होने का दावा

इस मामले में सबसे चौंकाने वाला दावा आरोपियों के नेटवर्क को लेकर सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, ये लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में घूमकर अपने धर्म का प्रचार और प्रवचन करते थे। मुख्य रूप से तमिलनाडु, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में इनकी गतिविधियां होने की जानकारी मिली है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर अब तक 200 से ज्यादा लोगों का धर्म परिवर्तन कराने की बात बताई है।

चार जिलों में 41 मुकदमे, चोरी के आरोप में दो सगे भाई गिरफ्तार; अमेठी पुलिस की कार्रवाई

22 नवंबर को दर्ज हुआ था मुकदमा

दरअसल, इस मामले की शुरुआत 22 नवंबर को हुई थी। कमरौली थाने में अर्दनी पांडेय पुत्र स्वर्गीय शिवधर पांडेय ने लिखित शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता अमेठी के जगदीशपुर थाना क्षेत्र स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर की पुजारी कोठी, पालपुर के निवासी बताए गए हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कुछ लोग अनुसूचित जाति की महिलाओं और पुरुषों को प्रलोभन देकर सामूहिक रूप से हिंदू धर्म से ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

पुलिस खंगाल रही नेटवर्क की कड़ियां

अमेठी के पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने बताया कि कमरौली पुलिस ने प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से धर्म परिवर्तन से संबंधित चार पुस्तकें भी बरामद हुई हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Amethi

Published :  23 November 2026, 2:01 PM IST

Advertisement