बेटी की कब्र जैसा सूना पड़ा घर, मां की आंखों में आंसू और पिता के दिल में इंसाफ की आस; मान्या के परिवार का दर्द रुला देगा!

बुलंदशहर के साढ़े तीन साल की मान्या हत्याकांड में पिता सचिन ने आरोपी सोनम के एनकाउंटर की मांग की है। मां शारदा आरोपी से आमने-सामने मिलकर बेटी की हत्या का कारण पूछना चाहती हैं। CCTV फुटेज में 13 मिनट का घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस आरोपी के मोबाइल, सोशल मीडिया अकाउंट और घटनास्थल से मिली पूजन सामग्री की जांच कर रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 23 November 2026, 12:59 PM IST
google-preferred

Bulandshahr: साढ़े तीन साल की मासूम मान्या की जिंदगी महज 13 मिनट में उजड़ गई। घर से हंसते-खेलते निकली बच्ची को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में उसके साथ ऐसा खौफनाक हादसा होने वाला है, जो पूरे परिवार की दुनिया बदल देगा। बुलंदशहर के मान्या हत्याकांड में अब सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिली पूजन सामग्री और आरोपी सोनम के सोशल मीडिया अकाउंट की जांच ने कई चौंकाने वाले पहलुओं को सामने ला दिया है।

बेटी को खोकर टूट गए पिता

बुलंदशहर के कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला नजीमपुरा भूड़ अवंती नगर निवासी सचिन और शारदा की साढ़े तीन साल की बेटी मान्या की हत्या ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। घर में हर तरफ मातम पसरा है। मां-बाप की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। जिस बच्ची की किलकारियों से घर गुलजार रहता था, उसकी यादें अब परिवार को लगातार रुला रही हैं। पिता सचिन का कहना है कि उन्होंने अपनी बेटी को बड़े अरमानों से पाला था। आखिर उस मासूम ने किसी का क्या बिगाड़ा था, जो उसके साथ इतनी बेरहमी की गई? उनका आरोप है कि एक महिला ने अपने स्वार्थ और अंधविश्वास के चलते उनके परिवार की खुशियां छीन लीं।

पलभर में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार: बुलंदशहर से लखनऊ आ रहे दरोगा की कार खंभे से टकराई, मां और ताऊ की दर्दनाक मौत

मां की दर्दभरी गुहार

मान्या की मां शारदा की हालत भी बेहद खराब है। बेटी को याद करते ही वह फूट-फूटकर रोने लगती हैं। कई बार रोते-रोते उनकी तबीयत बिगड़ जाती है। घर में मौजूद हर सामान उन्हें अपनी लाडली की याद दिला रहा है। पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए सांसद भोला सिंह भी पहुंचे थे। इस दौरान मां शारदा ने उनके सामने ऐसी मांग रखी, जिसने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। उन्होंने न तो आर्थिक मदद मांगी और न ही किसी सरकारी सहायता की बात कही।

13 मिनट में बदल गई मान्या की जिंदगी

इस हत्याकांड में सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने पुलिस जांच को एक अहम दिशा दी है। घटनास्थल के पास लगे कैमरे की रिकॉर्डिंग में मान्या की आखिरी गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस द्वारा खंगाले गए फुटेज के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 10 बजकर 54 मिनट पर मान्या अपने घर से निकलती दिखाई देती है। वह आरोपी सोनम के घर के सामने वाली गली से गुजरती है। उस समय सब कुछ सामान्य नजर आता है। इसके करीब 13 मिनट बाद सुबह 11 बजकर 7 मिनट पर मान्या दोबारा कैमरे की फुटेज में दिखाई देती है। बताया गया है कि इस दौरान वह खुशी से उछलते-कूदते हुए सोनम के कमरे की तरफ जाती नजर आई।

दीया और पूजन सामग्री मिली

मान्या हत्याकांड में घटनास्थल से मिली चीजों ने भी जांच को गंभीर बना दिया है। जानकारी के मुताबिक, कमरे के फर्श पर सफेद खड़िया से गुड़िया जैसी आकृतियां बनाई गई थीं। पास में एक दीया जलता हुआ मिला था। इसके अलावा मौके से बड़ी मात्रा में पूजन सामग्री भी बरामद की गई। बताया गया है कि खड़िया से सबसे पहले मान्या का नाम लिखा गया था। इसके बाद वान्या और तीसरे नंबर पर आरोपी सोनम का नाम लिखा मिला। आगे दो अन्य नाम भी लिखे गए थे, जिन्हें बाद में मिटा दिया गया था।

बेटों ने कर दिया मां-बाप का ‘बंटवारा’, 70 की पत्नी ने 75 साल के पति से मांगा तलाक, पढ़ें बुलंदशहर की दिल छूने वाली खबर

सोशल मीडिया से सीखी तंत्रविद्या के तरीके

जांच में आरोपी सोनम को लेकर एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि उसने पुलिस को बताया कि वह किसी तांत्रिक के संपर्क में नहीं थी, बल्कि सोशल मीडिया पर तंत्र-मंत्र से जुड़े वीडियो देखकर इन गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाती थी। पुलिस अब उसके मोबाइल फोन की जांच कर रही है। इसमें सर्च हिस्ट्री, देखे गए वीडियो और इंटरनेट पर की गई गतिविधियों को खंगाला जा रहा है।

कई ID भी जांच के दायरे में

पुलिस की तकनीकी जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोनम ने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर कई अलग-अलग आईडी बना रखी थीं। अब साइबर सेल की मदद से इन अकाउंट्स की गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन अकाउंट्स के जरिए सोनम किन लोगों के संपर्क में थी। सोशल मीडिया पर किन वीडियो और पोस्ट को देखा गया था और क्या किसी व्यक्ति के साथ उसकी बातचीत इस मामले से जुड़ी हो सकती है।

Location :  Bulandshahr

Published :  23 November 2026, 12:59 PM IST

Advertisement