मंगलसूत्र गिरवी रखकर कविता भाभी ने खरीदी पिस्टल, फिर एक प्रेमी ने की रेकी तो दूसरे आशिक ने मारी गोली

एक हत्याकांड की जांच के दौरान ऐसी साजिश सामने आई, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। पति की हत्या, दो प्रेमी और 45 हजार रुपये में गिरवी रखा गया मंगलसूत्र... पांच दिनों में कैसे खुली इस सनसनीखेज वारदात की पूरी कहानी?

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 23 November 2026, 12:30 PM IST
google-preferred

Odisha News: सात फेरों के साथ जिंदगीभर साथ निभाने का वादा करने वाली पत्नी पर ही पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है। ओडिशा में एक ऐसा सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसमें पत्नी ने अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए न सिर्फ दो प्रेमियों की मदद ली, बल्कि हथियार खरीदने के लिए अपना मंगलसूत्र तक गिरवी रख दिया। साजिश इतनी शातिर तरीके से रची गई कि एक प्रेमी पति की हर गतिविधि पर नजर रखता रहा, जबकि दूसरा सही मौके का इंतजार कर रहा था। इसके बाद 17 नवंबर को सुदाम नाग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हालांकि, पुलिस ने महज पांच दिनों के भीतर इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। जांच में पत्नी कबिता नाग और उसके दोनों कथित प्रेमियों की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सड़क किनारे मिला था सुदाम नाग का शव, शरीर पर थे गोलियों के चार निशान

मामला ओडिशा के सुबर्णपुर जिले का है। यहां 17 नवंबर को पंकेल छक के पास सुदाम नाग मृत अवस्था में मिला था। उसके शरीर पर गोलियों के चार निशान थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सुदाम की पत्नी कबिता नाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात लोगों ने उसके पति की हत्या कर दी है।

शुरुआत में मामला अज्ञात हमलावरों की ओर से की गई हत्या का लग रहा था, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे सुराग मिले, जिनसे शक की सुई पत्नी कबिता की ओर घूम गई। पुलिस ने उसके व्यवहार और गतिविधियों की जांच शुरू की। इसके बाद जब मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली गई तो कई अहम जानकारियां सामने आईं।

कॉल डिटेल से खुला राज, दो प्रेमियों से बातचीत के मिले सबूत

पुलिस के मुताबिक, कबिता के मोबाइल फोन से आरोपी त्रिलोचन बाग उर्फ टिंकू और युवराज साहू के साथ बातचीत के सबूत मिले। ये बातचीत हत्या से पहले की गई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान कथित साजिश की परतें खुलती चली गईं।

महिला ने दो प्रेमियों से अपने पति की हत्या करवाई (Photo: AI Generated)

महिला ने दो प्रेमियों से अपने पति की हत्या करवाई (Photo: AI Generated)

जांच में पता चला कि कबिता का त्रिलोचन बाग उर्फ टिंकू के साथ प्रेम संबंध था। इसके अलावा वह युवराज साहू के साथ भी करीब 12 साल से रिश्ते में थी। पुलिस के अनुसार, जब सुदाम को पत्नी और त्रिलोचन के संबंधों के बारे में पता चला तो उसने नाराजगी जताई थी। उसने त्रिलोचन को अपने घर आने से मना कर दिया था। साथ ही कबिता को दूसरे पुरुषों से संपर्क नहीं रखने की हिदायत दी थी। इसी के बाद पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप है।

मंगलसूत्र 45 हजार रुपये में गिरवी रख खरीदी देसी पिस्टल

इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू हथियार खरीदने के लिए की गई तैयारी है। पुलिस के अनुसार, त्रिलोचन के पास पिस्टल खरीदने के लिए पैसे नहीं थे। ऐसे में कबिता ने अपना मंगलसूत्र उसे दे दिया। त्रिलोचन ने एक सुनार के पास मंगलसूत्र 45 हजार रुपये में गिरवी रखा और उस रकम से राउरकेला में देसी पिस्टल और गोलियां खरीदीं।

पुलिस जांच में त्रिलोचन के बैंक खाते से भी अहम जानकारी मिली। बताया गया कि उसने फोन-पे के जरिए पिस्टल के लिए भुगतान किया था। इस डिजिटल लेनदेन को पुलिस ने जांच में महत्वपूर्ण सुराग माना।

एक प्रेमी ने की रेकी, दूसरे को फोन पर देती रही पल-पल की जानकारी

पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए कबिता ने अपने पुराने प्रेमी युवराज साहू को सुदाम की रेकी करने की जिम्मेदारी दी थी। 17 नवंबर को युवराज पूरे दिन सुदाम नाग की गतिविधियों पर नजर रखता रहा और उसकी लोकेशन व अन्य जानकारी कबिता को देता रहा।

इसके बाद कबिता वॉट्सऐप कॉल के जरिए त्रिलोचन उर्फ टिंकू को पति की गतिविधियों की जानकारी देती रही। आरोप है कि इसी योजना के तहत त्रिलोचन ने सुदाम की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में कबिता और उसके दोनों कथित प्रेमियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की पांच दिनों की जांच में सामने आई इस साजिश ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। फिलहाल तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Location :  Odisha

Published :  23 November 2026, 12:30 PM IST

Advertisement