गोरखपुर में पुलिस महकमे का बड़ा उलटफेर, 65 दरोगाओं तबादले, कई थानों के प्रभारी बदले

गोरखपुर में आगामी चुनाव और कानून-व्यवस्था की तैयारियों के बीच पुलिस विभाग ने बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। 65 दरोगाओं के तबादले के बाद कई थानों और चौकियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं। आखिर किस अधिकारी को कहां भेजा गया है? देखिए पूरी खबर...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 23 November 2026, 11:47 AM IST
google-preferred
Gorakhpur News: अपराध पर लगाम लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए गोरखपुर पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। आगामी चुनाव की तैयारियों को देखते हुए पुलिस विभाग ने एक साथ 65 उपनिरीक्षकों और महिला उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव कर दिया है। जारी आदेश के बाद जिले के कई थानों और पुलिस चौकियों में नई जिम्मेदारियां तय हो गई हैं। इस फेरबदल में कुछ थानाध्यक्षों को पुलिस लाइन भेजा गया है, तो कई चौकी प्रभारियों को थानों की कमान सौंपी गई है। वहीं, थानों में तैनात कई दरोगाओं को अलग-अलग चौकियों पर नई जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस विभाग का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

65 दरोगाओं की नई तैनाती से पुलिस महकमे में हलचल

पुलिस विभाग की ओर से जारी स्थानांतरण सूची के मुताबिक तिवारीपुर, महिला थाना, कैंट, राजघाट, गोरखनाथ, रामगढ़ताल, शाहपुर, खजनी, गगहा, सिकरीगंज, कैपियरगंज, गीडा, चिलुआताल, बेलघाट, बांसगांव और गुलरिहा समेत कई थानों और चौकियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र को नए सिरे से निर्धारित किया गया है।

आदेश के अनुसार उपनिरीक्षक विकास कुमार सिंह को थानाध्यक्ष तिवारीपुर से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। वहीं, राजघाट की टीपी नगर चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक संजय सिंह सैनी को तिवारीपुर थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। महिला थाना और कैंट में भी जिम्मेदारियां बदली गई हैं। महिला उपनिरीक्षक को कैंट से महिला थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि महिला थाने में तैनात सुनीता सिंह को कैंट थाने में नई तैनाती दी गई है।

कई चौकी प्रभारियों को मिली नई जिम्मेदारी

तबादला सूची में चौकी स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं। उपनिरीक्षक रोहित कुमार को राजघाट की अमरूदबाग चौकी से मुंडेराबाजार थाना भेजा गया है। आनंद कुमार उपाध्याय को राजघाट की उरुवां बाजार चौकी से खजनी क्षेत्र की मुंडेराबाजार चौकी की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह उपनिरीक्षक पंकज कुमार को तिवारीपुर के सूर्यविहार से गुलरिहा के झंगहा क्षेत्र में भेजा गया है। अतुल वर्मा को कैंट के मोहद्दीपुर से गोरखनाथ की नई बाजार चौकी और विवेक राज सिंह को कैंट से तिवारीपुर क्षेत्र में नई तैनाती मिली है।

Symbolic Photo (Image: Pinterest)

Symbolic Photo (Image: Pinterest)

रामगढ़ताल क्षेत्र से भी कई दरोगाओं को दूसरी जगह भेजा गया है। उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार चौधरी को राजघाट क्षेत्र से रामगढ़ताल की मझौलीगंज चौकी, हरिओम सिंह को रामगढ़ताल से बांसगांव की माल्हनपार चौकी और अनिल कुमार श्रीवास्तव को रामगढ़ताल से सिकरीगंज की दुधरा बाजार चौकी भेजा गया है। इसके अलावा गोरखनाथ और शाहपुर क्षेत्र की कई चौकियों पर भी नए उपनिरीक्षकों की तैनाती की गई है।

खजनी और सिकरीगंज क्षेत्र में भी बदला कार्यक्षेत्र

खजनी क्षेत्र में भी इस प्रशासनिक फेरबदल का असर देखने को मिला है। उपनिरीक्षक आशीष यादव को खजनी थाने की महुआडाबर चौकी से एसएस क्षेत्र के थाने में भेजा गया है। वहीं, एसएस क्षेत्र की जगदीशपुर चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक गौरव राय को खजनी थाने में नई जिम्मेदारी दी गई है। उपनिरीक्षक अंकित कुमार को खजनी थाने से एसएस क्षेत्र की सोनबरसा चौकी भेजा गया है।

इसके अलावा राकेश कुमार सिंह को सिकरीगंज की दुधरा बाजार चौकी से राजघाट क्षेत्र, विकास कुमार साहू को पिपराइच थाने से पेसरार एसएस क्षेत्र और अरुण कुमार दुबे को सिकरीगंज की महादेवा बाजार चौकी से गोरखनाथ थाने में तैनाती दी गई है।

तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश

पुलिस विभाग के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी स्थानांतरण जनहित और प्रशासनिक हित में तत्काल प्रभाव से किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को आदेश की जानकारी देकर उन्हें बिना देरी किए नई तैनाती के लिए रवाना किया जाए।

एक साथ 65 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में हुए इस बदलाव को आगामी चुनाव और जिले की कानून-व्यवस्था की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। नई जगहों पर पहुंचने वाले दरोगाओं के सामने अपराध नियंत्रण, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की चुनौती होगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  23 November 2026, 11:47 AM IST

Advertisement