हिंदी
तनू शर्मा का फाइल फोटो (Image: Dynamite News)
Firozabad: एक तरफा प्यार और घर से भागने के दबाव के बीच एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक ममेरे देवर पर अपनी भाभी की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी काफी समय से महिला पर उसके साथ घर छोड़कर भागने का दबाव बना रहा था। रात जब घर में महिला अकेली थी, तभी आरोपी वहां पहुंचा। दोनों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि पहले महिला की पिटाई की गई और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त घर में मौजूद तीनों बच्चियों को दूसरे कमरे में भेज दिया गया था। सुबह जब महिला का पति शादी समारोह से घर लौटा तो रसोई में पत्नी का शव देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
मामला फिरोजाबाद जिले के नारखी थाना क्षेत्र के कपावली ठार गांव का है। यहां रहने वाले गौरव एक शादी समारोह में सजावट का काम करने गए थे। उनकी मां रानी देवी भी अपने मायके गई हुई थी। घर में गौरव की 24 वर्षीय पत्नी तनू शर्मा अपनी तीन बेटियों के साथ मौजूद थी।
सुबह करीब 5:00 बजे गौरव घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। उन्होंने कई बार आवाज लगाई, जिसके बाद उनकी छह वर्षीय बेटी सौम्या ने दरवाजा खोला। गौरव जैसे ही घर के अंदर पहुंचे, रसोई में पत्नी का शव पड़ा देखकर उनकी चीख निकल गई।
देवर ने भाभी के साथ किया अत्याचार (Image: Pinterest)
महिला के चेहरे और गले पर चोट के निशान थे। शरीर पर नाखूनों के निशान भी मिले। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला की पिटाई करने के बाद गला दबाकर हत्या की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद जब परिवार के लोगों ने बच्चियों से पूछताछ की तो छह वर्षीय सौम्या ने रात की पूरी जानकारी दी। बच्ची के मुताबिक, रात में सिरसागंज के गांव गुड़िया टिकुर निवासी उसका ममेरा चाचा रोहित घर आया था। उसका मां तनू से झगड़ा हुआ था।
आरोप है कि रोहित ने सौम्या, तीन वर्षीय परी और तीन महीने की आराध्या को दूसरे कमरे में जाकर सोने के लिए कह दिया था। इसके बाद महिला और आरोपी के बीच क्या हुआ, इसकी जानकारी बच्ची को नहीं थी।
पुलिस को घटनास्थल पर रसोई में एक थाली भी मिली, जिसमें थोड़ी सब्जी और डेढ़ रोटी रखी हुई थी। इसके अलावा सेवइयां और अन्य सामान बिखरा पड़ा था। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतका के पति गौरव ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी वर्ष 2020 में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही रोहित उनकी पत्नी को परेशान करने लगा था। गौरव के मुताबिक, आरोपी फोन करके तनू को परेशान करता था और उस पर घर छोड़कर उसके साथ भागने का दबाव बनाता था।
पति का आरोप है कि शुक्रवार को घर में पत्नी के अकेले होने की जानकारी मिलने पर रोहित वहां पहुंचा और विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने गौरव की तहरीर पर आरोपी रोहित के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महिला के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच में भी दोनों के बीच बातचीत होने की बात सामने आई है। नारखी थाना प्रभारी संजय कुमार पांडेय के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस हत्याकांड के बीच गांव में एक और घटना हो गई। पोस्टमार्टम के बाद तनू का शव घर पहुंचा। अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थी। इसी दौरान घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर रहने वाले वासुदेव शर्मा के 24 वर्षीय बेटे राहुल ने तनू के घर पहुंचकर सांत्वना दी। राहुल के परिजन भी वहां मौजूद थे। कुछ देर बाद राहुल अपने घर लौट गया। इसके बाद उसने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजन घर पहुंचे तो राहुल का शव फंदे पर लटका मिला। कुछ ग्रामीण राहुल की आत्महत्या को तनू की हत्या से जोड़कर देखने लगे। हालांकि, पुलिस ने दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध से इनकार किया है। इंस्पेक्टर संजय कुमार पांडेय के मुताबिक, राहुल ने नशे की हालत में आत्महत्या की थी और उसका तनू की हत्या से कोई लेना-देना नहीं है। फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं से जुड़े तथ्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।
Location : Firozabad
Published : 23 November 2026, 1:06 PM IST