हिंदी
पुलिस गिरप्त में आरोपी
अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी में पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत मुठभेड़ के बाद चोरी की वारदातों में शामिल दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल गिरने से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वकील उर्फ सेनापति (42) और चांद मोहम्मद उर्फ बादशाह (24) के रूप में हुई है। दोनों अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र के इटौंजा गांव के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ चार जिलों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कुल 41 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, 15 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का दावा है कि दोनों भाई दिन में घरों की रेकी करते थे और रात में चिन्हित मकानों को निशाना बनाकर चोरी करते थे।
पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी के अनुसार, सोमवार देर रात थाना शिवरतनगंज पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पूरे बैसन मजरे जैतपुर में हुई चोरी की घटनाओं से जुड़े आरोपी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से हैदरगढ़ की ओर से शिवरतनगंज आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कुकहा रामपुर मोड़ के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में पीछे बैठा आरोपी घायल होकर गिर गया। वहीं, मोटरसाइकिल गिरने से चालक का पैर उसमें फंस गया और पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया।
घायल आरोपी ने अपना नाम वकील उर्फ सेनापति बताया। उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इसी मोटरसाइकिल से दिन में घरों की रेकी करते थे और रात में चिन्हित मकानों में चोरी करते थे। करीब 15 दिन पहले उन्होंने बाजारशुक्ल थाना क्षेत्र के ग्राम नेवाजगढ़ कैथन मजरे अहमदपुर में एक घर में नकब लगाकर जेवरात और नकदी चोरी की थी।
इसके अलावा करीब 10 दिन पहले शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे बैसन मजरे जैतपुर में घरों का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास से बरामद जेवरात इन्हीं दोनों घटनाओं से संबंधित हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कुछ जेवरात बेचने और उससे मिली रकम आपस में बांटने की बात भी बताई। बरामद 15 हजार रुपये उसी बिक्री से बची हुई रकम बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, वकील उर्फ सेनापति के खिलाफ अमेठी, अयोध्या, सुलतानपुर और बाराबंकी में चोरी, लूट, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 33 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, उसके भाई चांद मोहम्मद उर्फ बादशाह के खिलाफ अमेठी, बाराबंकी और अयोध्या में चोरी, आर्म्स एक्ट और गोवध निवारण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं। इस तरह दोनों भाइयों के खिलाफ कुल 41 मुकदमे पंजीकृत हैं।
शिवरतनगंज थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 120/26 के तहत बीएनएस की धारा 305(ए), 331(4) और 317(2) में कार्रवाई की गई है। इसके अलावा बाजारशुक्ल थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 250/26 में भी उनकी संलिप्तता सामने आने की बात पुलिस ने कही है। मुठभेड़ और अवैध असलहे की बरामदगी के मामले में मुकदमा अपराध संख्या 121/26 के तहत बीएनएस की धारा 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 में भी केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। चोरी के सामान में सात जोड़ी चांदी की पायल, छह बिछिया, चांदी का एक ठोस गुटका, पीली धातु की दो नाक की कील, कान के दो टॉप्स और एक लॉकेट शामिल हैं।
इसके अलावा जेवरात बेचने से मिली रकम में से बचे 15 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP 41 AV 7025) को कब्जे में लेकर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत कार्रवाई की है। मामले में शिवरतनगंज पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Location : Amethi
Published : 3 November 2026, 10:54 AM IST