हिंदी
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में धनेटा रेलवे फाटक के पास हिमाचल प्रदेश से नेपाल जा रही यात्रियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक यात्री की मौत होने की सूचना है, जबकि करीब 20 से 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो मासूम बच्चों समेत तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक, बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे धनेटा रेलवे फाटक के पास पहुंची थी। इसी दौरान वह सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, एंबुलेंस और एनएचएआई की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे की सूचना सुबह करीब 3:38 बजे 108 एंबुलेंस के चालक दिनेश कुमार और ईएमटी प्रताप सिंह को मिली। सूचना में बल्लिया क्षेत्र के पास सड़क दुर्घटना होने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद एंबुलेंस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, 108 एंबुलेंस से 10 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि 102 एंबुलेंस से एक अन्य व्यक्ति को लाया गया। उसे मृत घोषित किए जाने की सूचना है। हालांकि, मृतक की पहचान और मौत की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
हादसे में घायल यात्रियों को मीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खिरका सीएचसी और राजश्री अस्पताल समेत अलग-अलग चिकित्सा संस्थानों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों को निजी मेडिकल कॉलेज भी भेजा गया है।
क्षेत्राधिकारी देवेश सिंह के मुताबिक, दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। गंभीर घायलों में दो बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
मीरगंज सीएचसी पहुंचाए गए घायलों में नेपाल के रहने वाले कई यात्री शामिल हैं। सामने आई जानकारी के अनुसार, घायलों में राम बहादुर सुनार पुत्र डम्मर वाल सुनार निवासी भटिया, नेपाल, रतना पुत्र वरता, विमला पत्नी रतना, सुबरना पुत्री रतना, रोहित पुत्र सुधीप, सुधीप पुत्र तिलवीर, संदेश पुत्र सत्यम और देवेश राज पुत्र शिवराज शामिल हैं।
इसके अलावा अमर बहादुर पुत्र बुद्धि बहादुर, साविल पुत्र वल बहादुर और राम बहादुर पुत्र पिसारी के नाम भी घायलों की सूची में सामने आए हैं। अस्पताल प्रशासन घायलों की स्थिति से जुड़ी जानकारी जुटा रहा है।
क्षेत्राधिकारी देवेश सिंह ने बताया कि धनेटा रेलवे फाटक के पास सड़क पर ट्रक खड़ा था। इसी दौरान यात्रियों से भरी बस पीछे से उसमें जा टकराई। सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ट्रक सड़क पर किस परिस्थिति में खड़ा था और बस उससे कैसे टकराई। हादसे में मृत बताए जा रहे यात्री की पहचान कराने की कोशिश भी जारी है।
Location : Bareilly
Published : 3 November 2026, 11:39 AM IST
Topics : Bareilly Bus Accident Bareilly Road Accident bareilly news Nepal Bound Bus Uttar Pradesh Road Accident