हिंदी
युवक ने लगाया गंभीर आरोप (IMG: Dynamite News)
Raebareli: पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद अब जानलेवा धमकियों और हमले के आरोपों तक पहुंच गया है। पीड़ित का आरोप है कि विपक्षियों ने पहले उसके भाई और पिता को जान से मारने की धमकी दी, फिर थाने में शिकायत करने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मामला यहीं नहीं रुका। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मेडिकल जांच के लिए तिलोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचने पर विपक्षियों ने उसके भाई पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे पीड़ित को भी कथित तौर पर अवैध असलहा और लोहे की रॉड लेकर दौड़ाया गया।
मामला अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता इजहार पुत्र यूनुस निवासी पूरे शिवसिंह मजरे कुरा ने अपनी शिकायत में बताया कि 30 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5 बजे शाहमऊ बाजार में पुरानी रंजिश को लेकर विपक्षियों ने उसके भाई इरकान के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक, जब उनके पिता यूनुस मौके पर पहुंचे तो विपक्षियों ने उन्हें भी धमकाया। इसके बाद इजहार ने फोन के जरिए विपक्षियों से इस घटना की शिकायत की।
रायबरेली में सनसनी: कमरे के अंदर मिला अधेड़ का शव, सिर पर गंभीर चोट के निशान
पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद 30 अक्टूबर की रात करीब 9 से 10 बजे वह विपक्षियों के खिलाफ शिकायत लेकर मोहनगंज थाने पहुंचा और पुलिस को प्रार्थना-पत्र दिया। इस दौरान थाना प्रभारी से फोन पर भी बातचीत हुई। पीड़ित का कहना है कि थाना प्रभारी ने उसे सुबह आने और मामले की जांच कराने की बात कही। इसके बाद 31 अक्टूबर की सुबह दोनों पक्ष थाने पहुंचे। इजहार ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि विपक्षी प्रभावशाली और राजनीतिक पकड़ रखने वाले लोग हैं। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस की ओर से कहा गया कि अगर वे समझौता नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर दिया जाएगा।
इजहार ने अपनी शिकायत में बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद उसके भाई इरकान और विपक्षी पक्ष के मोइनुद्दीन उर्फ साहब, अरफान उर्फ लल्लू तथा मकसूद को थाने पर बैठा लिया गया। पीड़ित के मुताबिक, 1 नवंबर को शाम करीब 6 बजे उसे, उसके भाई इरकान और विपक्षी पक्ष के कुछ लोगों को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तिलोई भेजा गया था।
पीड़ित इजहार का आरोप है कि CHC तिलोई में मौजूद विपक्षी मोइनुद्दीन, मकसूद और अरफान ने उसके भाई इरकान पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। जब उसे घटना की आवाज सुनाई दी तो वह भी मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। इजहार का कहना है कि उसने पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी और हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई। इसी दौरान आरोप है कि विपक्षी अवैध असलहा और लोहे की रॉड लेकर उसके पीछे दौड़ पड़े। वे कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि घटना के दौरान उसका भाई इरकान और पिता यूनुस पुलिस थाने की कस्टडी में थे। उसके मुताबिक, दोनों की जमानत एसडीएम कोर्ट से रात में हो चुकी थी। इसके बावजूद परिवार को पूरे मामले में कार्रवाई को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इजहार ने यह भी आरोप लगाया कि मोहनगंज पुलिस ने उसके भाई इरकान की ओर से दी गई तहरीर लेने से इनकार कर दिया।
Location : Raebareli
Published : 2 November 2026, 8:20 PM IST