दीवाली से पहले निकला दिवाला… देवरिया में अवैध गोदाम पर प्रशासन का छापा, 35 क्विंटल पटाखे जब्त

देवरिया के भटनी थाना क्षेत्र के मिश्राली दीक्षित गांव में प्रशासन ने पटाखों के अवैध गोदाम पर छापा मारकर करीब 30 से 35 क्विंटल पटाखे जब्त किए। गोदाम संचालक लाइसेंस नहीं दिखा सका। वहीं, खाद्य पदार्थों के दूसरे गोदाम में भी अनियमितताएं मिलीं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूने लेकर जांच के लिए भेजे और बिक्री पर रोक लगा दी।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 2 November 2026, 7:54 PM IST
google-preferred

Deoria: त्योहारों से पहले देवरिया में अवैध पटाखों के भंडारण और खाद्य पदार्थों के गोदामों पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। भटनी थाना क्षेत्र के मिश्राली दीक्षित गांव में सोमवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर करीब 30 से 35 क्विंटल पटाखे जब्त किए। गोदाम संचालक पटाखों के भंडारण से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। वहीं, इसी इलाके में खाद्य पदार्थों के एक अन्य गोदाम में भी लाइसेंस और साफ-सफाई से जुड़ी कमियां मिलीं। प्रशासन ने खाद्य गोदाम से नमूने लेकर बिक्री पर रोक लगा दी है।

बिना लाइसेंस गोदाम में रखे थे 35 क्विंटल पटाखे

आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सोमवार को भटनी थाना क्षेत्र के मिश्राली दीक्षित गांव में बैजू मधेशिया के गोदाम पर छापेमारी की गई। प्रशासन को सूचना मिली थी कि यहां बड़ी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण किया गया है।

महराजगंज में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की शामत! 1096 वाहनों की चेकिंग, 82 सीज

सूचना के आधार पर थाना भटनी पुलिस, एसडीएम सलेमपुर और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने गोदाम की जांच की और संचालक से पटाखों के भंडारण के लिए लाइसेंस और जरूरी अनुमति से जुड़े दस्तावेज मांगे। हालांकि, वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

छापा मारकर 35 क्विंटल पटाखे जब्त (Image Source: Dynamite News)

इसके बाद टीम ने गोदाम में रखे करीब 30 से 35 क्विंटल अलग-अलग प्रकार के पटाखों को जब्त कर लिया। मामले में विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

खाद्य पदार्थों के गोदाम में भी मिलीं खामियां

पटाखों के गोदाम पर कार्रवाई के साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने बैजनाथ मधेशिया के गोदाम पर भी छापा मारा। यहां जांच के दौरान बिस्किट, रस्क, नमकीन और क्रीम रोल समेत कई खाद्य पदार्थों का भंडारण मिला। अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित कारोबारी के पास दुकान पर खाद्य पदार्थों की बिक्री का लाइसेंस था, लेकिन गोदाम में सामान रखने के लिए जरूरी लाइसेंस नहीं लिया गया था। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की।

मरीजों के लिए लगे RO प्लांट से स्टेबलाइजर चोरी, देवरिया में बेचने निकले दो आरोपी गिरफ्तार

खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे

खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेहा त्रिपाठी ने गोदाम से रस्क, नमकीन और क्रीम रोल के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इसके अलावा गोदाम में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रखरखाव से जुड़ी कमियां भी पाई गईं।

प्रशासन ने आवश्यक लाइसेंस प्राप्त होने तक गोदाम से खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगा दी है। इस मामले में भी नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। त्योहारों से पहले हुई इन दोनों कार्रवाइयों के बाद इलाके के कारोबारियों में हलचल है।

Location :  Deoria

Published :  2 November 2026, 7:54 PM IST

Advertisement