हिंदी
महराजगंज में 430 वाहनों पर पुलिस का एक्शन (Image Source: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सड़क सुरक्षा के लिए अभियान चलाया। CO सदर अंकुर गौतम के नेतृत्व में सदर सर्किल के छह थाना क्षेत्रों में चेकिंग की गई। इस दौरान पुलिस ने 1096 वाहनों की जांच की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 348 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 82 वाहनों को सीज कर दिया गया, कुल 430 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हुई।
कार्रवाई कोतवाली क्षेत्र के साथ घुघली, भिटौली, पनियरा, श्यामदेउरवा और सिंदुरिया थाना क्षेत्रों में हुई। अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों समेत अन्य वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।
थानावार आंकड़ों के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र में सबसे अधिक 475 वाहनों की चेकिंग की गई। यहां 127 वाहनों का चालान हुआ और 23 वाहन सीज किए गए। घुघली में 185 वाहनों की जांच के दौरान 82 चालान किए गए तथा 16 वाहन सीज हुए। भिटौली थाना क्षेत्र में 152 वाहनों की जांच हुई। यहां 53 वाहनों का चालान किया गया और 10 वाहन सीज किए गए।
महराजगंज में पुलिस का चेकिंग अभियान (Image Source: Dynamite News)
दीपावली से पहले सुलतानपुर प्रशासन सख्त! 4 दिन में सड़कें गड्ढामुक्त करने का अल्टीमेटम
पनियरा में 87 वाहनों की चेकिंग के दौरान 35 चालान किए गए, जबकि 19 वाहन सीज हुए। सदर सर्किल के छह थाना क्षेत्रों में सीज किए गए वाहनों की यह सबसे अधिक संख्या रही। श्यामदेउरवा में 92 वाहनों की जांच कर 32 चालान और नौ वाहन सीज किए गए। वहीं, सिंदुरिया में 105 वाहनों की चेकिंग के दौरान 19 चालान किए गए और पांच वाहन सीज हुए।
आंकड़ों के मुताबिक, कोतवाली में चेकिंग की संख्या सबसे अधिक रही, जबकि पनियरा में सबसे ज्यादा वाहन सीज किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप है। अभियान का उद्देश्य वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।
गोरखपुर में ताला तोड़कर लाखों के जेवरात और 20 हजार नकदी ले उड़े चोर, गांव में मची सनसनी
पुलिस ने वाहन चालकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, वाहन के दस्तावेज साथ रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान जारी रहेंगे। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार चालान और वाहन सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 2 November 2026, 6:16 PM IST