सीतापुर में दर्दनाक हादसा! पिकअप की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत

सीतापुर के रेउसा-बिसवां मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों युवक ननिहाल जा रहे थे, तभी सीताराम पुरवा गांव के पास हादसा हो गया। गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी रेउसा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पिकअप चालक फरार हो गया।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 2 November 2026, 4:43 PM IST
google-preferred

Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। रेउसा-बिसवां मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों युवक बाइक से अपने ननिहाल जा रहे थे। हादसा रेउसा थाना क्षेत्र में सीताराम पुरवा गांव के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, रेउसा थाना क्षेत्र के रंगवा गांव निवासी सुशील (20) पुत्र राममूरत निषाद और सूरज (17) पुत्र महेश निषाद सोमवार दोपहर करीब एक बजे बाइक से गोधनिया सरैया स्थित अपने ननिहाल के लिए निकले थे। दोनों रेउसा-बिसवां मार्ग पर सीताराम पुरवा गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद सड़क पर गिरे दोनों युवक

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों भाई उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, टक्कर के बाद पिकअप भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। अचानक हुई इस दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

Sitapur Crime

सीतापुर हादसे से गांव में पसरा मातम (Image Source: Dynamite News)

गोरखपुर में छत से गिरकर युवक की मौत, 2 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया; परिजनों की शिकायत से मामले में नया मोड़

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को हादसे की सूचना दी और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेउसा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो युवकों की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल में मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पिकअप छोड़कर चालक फरार

हादसे की सूचना मिलने पर रेउसा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों भाइयों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कासगंज में खाद्य विभाग का ताबड़तोड़ एक्शन, 200 लीटर रिफाइंड तेल किया सीज

रंगवा गांव में एक ही परिवार के दो जवान बेटों की मौत से मातम पसरा हुआ है। जिस घर में कुछ समय पहले तक सामान्य चहल-पहल थी, वहां अब परिजनों की चीख-पुकार सुनाई दे रही है। दोनों भाइयों की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। 

Location :  Sitapur

Published :  2 November 2026, 4:43 PM IST

Advertisement