हिंदी
मदद को पहुंचे सुशील टिबडेवाल (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: किसी परिवार ने आर्थिक तंगी के चलते अपना मुखिया खो दिया तो किसी की वर्षों की मेहनत से खड़ी हुई गृहस्थी आग की लपटों में जलकर राख हो गई। एक तरफ पिता की मौत के बाद बच्चों के सामने जीवन-यापन और भविष्य की चिंता है, तो दूसरी तरफ अग्निकांड के बाद परिवार को हुए भारी नुकसान से उबरने की चुनौती। सिसवा विधानसभा क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं से प्रभावित परिवारों की परेशानी की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री एवं सिसवा विधानसभा-317 से प्रत्याशी सुशील कुमार टिबडेवाल मदद के लिए पहुंचे।
पहला मामला सिसवा विधानसभा क्षेत्र के शीतलापुर गांव का है। यहां रहने वाले परमानंद भारती (55) पुत्र बुल्ला ने बीते सोमवार 26 अक्टूबर को आर्थिक तंगी से परेशान होकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परमानंद अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही बेहद कमजोर बताई जा रही है।
महराजगंज में आम के बगीचे में मिला युवक का शव, पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
इस घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबडेवाल शीतलापुर गांव पहुंचे। उन्होंने परमानंद भारती के परिजनों से मुलाकात की और परिवार की मौजूदा परिस्थितियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को यथासंभव आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर उनकी हरसंभव मदद की जाएगी।
मदद को पहुंचे सुशील टिबडेवाल (IMG: Dynamite News)
दूसरा मामला सिसवा विधानसभा क्षेत्र के सहुआपुर खुर्द गांव का है। यहां 22 अक्टूबर की रात करीब दो बजे नाथू शर्मा के घर में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई थी। रात का समय होने की वजह से आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते घर में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया। इस अग्निकांड में परिवार को भारी नुकसान हुआ। घर में रखी तीन साइकिल, मोटरसाइकिल, पंपिंग सेट और गैस चूल्हे समेत लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
महराजगंज में विकास कार्यों की खुली पोल! कहीं घटिया ईंटें तो कहीं अधूरा निर्माण, गायब जिम्मेदार
दोनों गांवों में पहुंचकर सुशील कुमार टिबडेवाल ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा रहना जरूरी है। परमानंद भारती के परिवार और अग्निकांड से प्रभावित नाथू शर्मा के परिजनों को उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे भविष्य में भी उनकी मदद के लिए उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान समाजवादी पार्टी के महासचिव शम्सुद्दीन अली, वरिष्ठ सपा नेता प्रवीण सिंह, वरिष्ठ सपा नेता राकेश उर्फ रिंकू सिंह, हीरा लाल जख्मी समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 2 November 2026, 5:14 PM IST
Topics : Fire Accident Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Sushil Kumar Tibdewal UP Political News Uttar Pradesh News