हिंदी
कासगंज के गंजडुंडवारा में नगर पालिका की सियासत गरमाई (Img: Dynamite News)
Kasganj: नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा में अध्यक्ष और सभासदों के बीच चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है। 25 सदस्यीय बोर्ड में 14 सभासदों ने एकजुट होकर अध्यक्ष मुनब्बर हुसैन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बहुमत का दावा कर रहे इन सभासदों ने जिलाधिकारी प्रणय सिंह को सामूहिक प्रार्थना पत्र देकर बोर्ड की बैठक बुलाने में हस्तक्षेप की मांग की है। उनका आरोप है कि अध्यक्ष की कार्यशैली के चलते बोर्ड की बैठकें नियमित रूप से नहीं हो रही हैं और नगर के विकास से जुड़े प्रस्ताव लंबित हैं। वहीं, 11 सभासदों के अलग खेमे में बताए जाने से पालिका की अंदरूनी राजनीति भी चर्चा में आ गई है।
सभासदों के मुताबिक, 14 अक्टूबर 2026 को बोर्ड के बहुमत सदस्यों ने नगर पालिका अधिनियम 1916 की धारा 86(2) के तहत अध्यक्ष को बैठक बुलाने के लिए अध्याचन सौंपा था। इसमें विभिन्न संकल्पों को बैठक के एजेंडे में शामिल कर उन पर विचार-विमर्श कराने की मांग की गई थी।
सभासदों का आरोप है कि निर्धारित समय बीतने के बाद भी बैठक नहीं बुलाई गई। इसके बाद 30 अक्टूबर को अध्यक्ष को अनुस्मारक यानी रिमाइंडर भेजकर दोबारा बैठक बुलाने की मांग की गई, लेकिन इसके बावजूद कोई पहल नहीं हुई। अब सभासदों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की अपील की है।
सामूहिक प्रार्थना पत्र में सभासदों ने आरोप लगाया है कि अध्यक्ष के करीब साढ़े तीन साल के कार्यकाल में महज 13 या 14 बोर्ड बैठकें ही बुलाई गई हैं। उनका कहना है कि बोर्ड की बैठकें नियमित नहीं होने से सभासदों को अपने वार्डों की समस्याएं और विकास से जुड़े प्रस्ताव सदन में रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहा है। सभासदों ने अध्यक्ष पर नगर पालिका अधिनियम की अनदेखी करने और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया को महत्व नहीं देने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों पर अध्यक्ष मुनब्बर हुसैन का पक्ष सामने आना बाकी है।
नगर पालिका के 25 सदस्यीय बोर्ड में 14 सभासदों के एक साथ आने से अध्यक्ष के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। वहीं, 11 सभासदों के दूसरे खेमे में बताए जाने से पालिका की राजनीति में गुटबाजी की चर्चा बढ़ गई है। बहुमत का दावा कर रहे सभासदों का कहना है कि बैठक नहीं होने से सड़क, नाली, सफाई, पेयजल और अन्य जनहित के मुद्दों पर प्रस्तावों की चर्चा प्रभावित हो रही है।
Kasganj Crime News: बंद मकान में चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 4 लाख के जेवर बरामद
सभासदों ने जिलाधिकारी से नगर पालिका अधिनियम 1916 की धारा 86(2) के तहत बोर्ड की बैठक आहूत कराने के लिए आवश्यक आदेश जारी करने की मांग की है। प्रार्थना पत्र के साथ 14 अक्टूबर को दिए गए अध्याचन, 30 अक्टूबर के अनुस्मारक और अधिनियम की धारा 86(1), 86(2), 104 तथा 63(1) और 63(2) की छायाप्रतियां भी संलग्न की गई हैं। इस दौरान सभासद सोमवीर सिंह, अनिल, मुशीर, आले इमरान सहित अन्य महिला सभासदों के पति भी मौजूद रहे।
Location : Kasganj
Published : 2 November 2026, 5:31 PM IST