अमेठी में ठंड से पहले एक्शन में DM शशांक चौधरी, खामियां देख अधिकारियों को लगाई फटकार

अमेठी में कड़ाके की ठंड और शीतलहर से पहले जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने देर रात गौरीगंज के रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। बिस्तरों की चादर से लेकर खिड़कियों के टूटे शीशों तक की कमियां सामने आईं। डीएम ने अधिकारियों को तत्काल सुधार और नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 20 November 2026, 11:08 PM IST
google-preferred

Amethi: अमेठी में संभावित कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने शुक्रवार रात 9:30 बजे गौरीगंज स्थित रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। डीएम ने बिस्तरों की चादर बदलने और खिड़कियों के टूटे शीशे ठीक कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठंड के मौसम में कोई भी निराश्रित या जरूरतमंद व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर न हो।

रात 9:30 बजे रैन बसेरे पहुंचे डीएम

जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने शुक्रवार देर रात नगर पालिका परिषद गौरीगंज द्वारा संचालित रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आश्रय स्थल में ठहरने वाले लोगों के लिए उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की स्थिति देखी। निरीक्षण में बिस्तर, चादर, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

देवरिया में ऑपरेशन के दौरान युवक की मौत, शव को 4 घंटे एंबुलेंस में रखकर घुमाने का आरोप

जिलाधिकारी ने बिस्तरों पर बिछी चादरों को बदलवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही खिड़कियों के टूटे शीशों को तत्काल ठीक कराने को कहा, ताकि रैन बसेरे में ठहरने वाले लोगों को ठंडी हवाओं से परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आश्रय स्थल में सुविधाओं के रखरखाव में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। छोटी से छोटी कमी को भी गंभीरता से लेते हुए तत्काल दूर किया जाए।

Amethi 1

DM का औचक निरिक्षण (Image Source: Dynamite News)

आगंतुक रजिस्टर से लेकर CCTV कैमरों तक की जांच

निरीक्षण के दौरान डीएम ने रैन बसेरे के आगंतुक रजिस्टर और अन्य अभिलेखों का भी अवलोकन किया। उन्होंने शौचालय, किचन, सीसीटीवी कैमरों और पूरे परिसर की साफ-सफाई की स्थिति देखी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गौरीगंज सुनील कुमार को रैन बसेरे की नियमित निगरानी करने और वहां सभी जरूरी सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि रैन बसेरों में आने वाले जरूरतमंदों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि शीतलहर के दौरान कोई भी निराश्रित, असहाय या जरूरतमंद व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रात बिताने को विवश न हो। इसके लिए सभी नगर निकायों में संचालित रैन बसेरों की जानकारी जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जाए। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे लोगों को आश्रय स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाए।

मणिपुर में जहरीली शराब बनी काल, करीब 15 लोगों की मौत, 180 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती

अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश

आगामी दिनों में संभावित कड़ाके की ठंड और शीतलहर से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने जनपद के सभी नगरीय निकायों में रैन बसेरों की व्यवस्था की है। इनमें ठहरने वाले लोगों के लिए बिस्तर, गर्म पेयजल, शौचालय, अलाव सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से रैन बसेरों का निरीक्षण करने और वहां उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य है कि ठंड के मौसम में किसी भी जरूरतमंद को आश्रय और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशानी न उठानी पड़े।

इस निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व धीरज श्रीवास्तव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गौरीगंज सुनील कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Location :  Amethi

Published :  20 November 2026, 11:08 PM IST

Advertisement