हिंदी
रोहतक में दर्दनाक सड़क हादसा (Image Source: X)
Rohtak: मध्यप्रदेश के रतलाम से पंजाब में परिवार के जन्मदिन समारोह में आयोजित अखंड पाठ में शामिल होने जा रहे एक परिवार की यात्रा रोहतक में दर्दनाक हादसे के साथ खत्म हो गई। जम्मू-कटरा हाईवे पर रिठाल गांव के पास नो पार्किंग जोन में खड़े ट्रक से स्विफ्ट डिजायर कार पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार पति-पत्नी और उनके 23 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय करमजीत सिंह सिद्धू, उनकी 48 वर्षीय पत्नी पवनदीप कौर और बेटे अमरेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मृतक परिवार मध्यप्रदेश के रतलाम स्थित इंदिरा नगर का रहने वाला था। करमजीत सिंह सिद्धू फाइनेंस के साथ टूर एंड ट्रैवल का कारोबार करते थे। परिवार पंजाब के गांव बिनझल में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए निकला था। इस मौके पर अखंड पाठ भी रखा गया था। लेकिन रोहतक में हुए सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
पंजाब के लुधियाना निवासी देविंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी रिश्तेदार पवनदीप कौर शुक्रवार सुबह अपने पति और बड़े बेटे के साथ रतलाम से गांव बिनझल के लिए रवाना हुई थीं। सुबह करीब 6:15 बजे उनकी कार सदर थाना क्षेत्र में रिठाल गांव के पास पहुंची। इसी दौरान कार नो पार्किंग जोन में खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद कार सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
देविंद्र सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि ट्रक चालक ने वाहन नो पार्किंग क्षेत्र में खड़ा किया हुआ था और ट्रक पर कोई इंडिकेटर भी नहीं जल रहा था। शिकायतकर्ता के अनुसार, आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर ट्रक चालक की पहचान कैथल निवासी गुरमेल सिंह के रूप में हुई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस की ओर से ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।
हादसे की खबर मिलने के बाद मृतकों के परिजन और रिश्तेदार रोहतक पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पवनदीप कौर की मौसी की बेटी नम्रता भी नोएडा से रोहतक पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पवनदीप के दो बेटे थे। छोटा बेटा गुरविंद्र मध्यप्रदेश में रहकर पढ़ाई कर रहा है, जबकि बड़े बेटे अमरेन्द्र सिंह की पुणे में नौकरी लगी थी।
ये भी पढ़े: Rohtak: इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिला शुरू, जानें पूरी जानकारी
परिवार के लिए यह समय खुशी का था। अमरेन्द्र की पुणे में नौकरी लगी थी और परिवार पंजाब के गांव बिनझल में अपनी भतीजी के जन्मदिन पर आयोजित अखंड पाठ में शामिल होने जा रहा था। लेकिन रोहतक में हुए हादसे में अमरेन्द्र के साथ उसके माता-पिता की भी जान चली गई।
देविंद्र सिंह के मुताबिक, पवनदीप कौर का मायका लुधियाना में था और परिवार का पंजाब आना-जाना रहता था। इस बार भी परिवार समारोह में शामिल होने के लिए रतलाम से रवाना हुआ था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। फिलहाल पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
Location : Rohtak
Published : 20 November 2026, 9:20 PM IST
Topics : Jammu Katra Highway Accident No Parking Truck Accident Road Accident Rohtak News Truck Car Collision