पुलवामा समेत CBI तो कभी ATS का डर; डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लाखों की ठगी, प्रयागराज में साइबर गैंग के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक

प्रयागराज में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है और 21 लाख रुपये बरामद/फ्रीज किए गए हैं। वहीं, CBI अधिकारी बनकर सेवानिवृत्त अफसर से 76.60 लाख रुपये ठगने की कोशिश को SBI बैंक और साइबर सेल ने नाकाम कर दिया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 20 November 2026, 7:13 PM IST
google-preferred

Prayagraj: प्रयागराज में खाकी और जांच एजेंसियों का डर दिखाकर लोगों की जिंदगीभर की कमाई लूटने वाले साइबर ठगों के एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। ठग कभी खुद को पुलिस अधिकारी बताते थे तो कभी ATS और CBI का बड़ा अफसर बनकर लोगों को फोन करते थे। फर्जी गिरफ्तारी वारंट और सरकारी दस्तावेज व्हाट्सएप पर भेजकर लोगों को इस कदर डराया जाता था कि वे अपनी जमा पूंजी तक ठगों के हवाले करने को तैयार हो जाते थे।

ठगी से खुला अंतरराज्यीय साइबर गैंग का राज

पहला मामला प्रयागराज के कौंधियारा थाना क्षेत्र के ओसा गांव का है। यहां रहने वाले गजेंद्र नाथ मिश्र पुत्र स्वर्गीय संगम लाल मिश्र ने 7 नवंबर 2026 को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, अज्ञात साइबर अपराधियों ने खुद को पुलिस और ATS का अधिकारी बताकर उनसे संपर्क किया। ठगों ने पीड़ित को बताया कि वह एक गंभीर आपराधिक मामले में फंस गए हैं।

फर्जी पुलिस और ATS अधिकारी बनकर देते थे धमकी

साइबर ठगों का तरीका बेहद शातिर था। वे खुद को सरकारी जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे। इसके बाद किसी गंभीर आपराधिक मामले में नाम आने, गिरफ्तारी वारंट जारी होने और परिवार की बदनामी होने का डर दिखाया जाता था। लोगों को भरोसे में लेने के लिए फर्जी सरकारी दस्तावेज और गिरफ्तारी वारंट भेजे जाते थे। फिर वीडियो कॉल और व्हाट्सएप के जरिए लगातार संपर्क बनाए रखकर पीड़ित पर मानसिक दबाव बनाया जाता था।

प्रयागराज में महिला आयोग की बड़ी कार्रवाई, POCSO और अपहरण के मामले में FIR के निर्देश

पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

मामले की जांच के दौरान साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने साइबर फ्रॉड से जुड़े करीब 21 लाख रुपये बरामद और फ्रीज कराए हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े दूसरे सदस्यों और ठगी की रकम के लेनदेन की कड़ियों की जांच कर रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका का पता लगाने के साथ यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने इस तरीके से और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

दूसरे मामले में CBI अधिकारी बनकर बनाया निशाना

प्रयागराज में डिजिटल अरेस्ट से जुड़ा दूसरा मामला भी चौंकाने वाला है। यहां साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त अधिकारी को CBI का अफसर बनकर फोन किया और उन्हें आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने का डर दिखाया। टैगोर टाउन के शांतिकुंज अपार्टमेंट निवासी सेवानिवृत्त चीफ फूड सेफ्टी ऑफिसर मनोज कुमार श्रीवास्तव को 17 नवंबर को व्हाट्सएप कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को CBI अधिकारी बताया और कहा कि उनके आधार कार्ड से जुड़ा एक मोबाइल नंबर मुंबई के केनरा बैंक खाते से अटैच है।

Cyber Fraud

डिजिटल अरेस्ट गैंग का बड़ा खेल बेनकाब (IMG: Pinterest)

वीडियो कॉल पर बनाया डिजिटल अरेस्ट का दबाव

साइबर अपराधियों ने मनोज कुमार श्रीवास्तव को व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर लिया और लगातार पूछताछ करने लगे। उन्हें बताया गया कि अब वह डिजिटल निगरानी में हैं और जांच पूरी होने तक उन्हें अपराधियों के संपर्क में रहना होगा। परिवार के सदस्यों को भी बाहरी लोगों से संपर्क नहीं करने की हिदायत दी गई। ठगों ने अपने जाल को मजबूत करने के लिए फर्जी ATM कार्ड, बैंक पासबुक, नोटिस और गिरफ्तारी वारंट तक भेज दिए।

प्रयागराज में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 1.03 करोड़ की स्मैक के साथ तीन गिरफ्तार

एफडी तुड़वाकर जमा कराए पैसे

ठगों के लगातार दबाव में आकर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने अपनी HDFC बैंक की एफडी तुड़वाने की बात कही। इसके बाद 17 नवंबर को उन्होंने एफडी तुड़वाकर रकम SBI की कर्नलगंज शाखा में जमा करा दी। 19 नवंबर को एफडी की रकम खाते में पहुंचने के बाद ठगों ने पूरी धनराशि RTGS के जरिए अपने बताए खाते में ट्रांसफर करने का दबाव बनाया। इसके बाद उनकी पत्नी आभा श्रीवास्तव करीब 76.60 लाख रुपये ट्रांसफर करने के लिए SBI की कर्नलगंज शाखा पहुंचीं।

मोबाइल से संदिग्ध नंबर और फर्जी दस्तावेज जुटाए

साइबर सेल की टीम ने पीड़ित और उनके परिवार की काउंसलिंग की। उन्हें बताया गया कि डिजिटल अरेस्ट के नाम पर किस तरह साइबर अपराधी लोगों को डराकर उनकी जमा पूंजी लूटते हैं। पुलिस ने पीड़ित के मोबाइल में मौजूद संदिग्ध मोबाइल नंबरों और ठगों की ओर से भेजे गए फर्जी दस्तावेजों को जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है। अब इन नंबरों और दस्तावेजों के आधार पर साइबर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

Location :  Prayagraj

Published :  20 November 2026, 7:13 PM IST

Advertisement