Muzaffarnagar: नाम आतंकवादियों से जुड़ा बताकर  9 दिन रखा डिजिटल अरेस्ट, कंबोडिया से बड़ा खेल

मुजफ्फरनगर पुलिस ने साइबर ठगी के ऐसे नेटवर्क का खुलासा किया है, जिसके तार कंबोडिया तक जुड़े बताए जा रहे हैं। गरीबों की पहचान पर सिमकार्ड जारी कराने से लेकर फर्जी गिरफ्तारी वारंट और डिजिटल अरेस्ट तक, इस गिरोह का तरीका चौंकाने वाला है। जांच में 3648 सिमकार्ड का इस्तेमाल सामने आया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 20 November 2026, 3:22 PM IST
google-preferred
Muzaffarnagar News: फोन पर खुद को ATS और NIA का अधिकारी बताकर किसी को नौ दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखना, आतंकियों से संबंध होने और 70 करोड़ रुपये के अवैध लेनदेन का डर दिखाना और फिर लाखों रुपये ऐंठ लेना... साइबर अपराधियों ने ठगी का ऐसा जाल बिछाया था कि अच्छे-अच्छे लोग भी उनके झांसे में आ सकते थे। मुजफ्फरनगर पुलिस ने अब इस अंतरजनपदीय साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
जांच में पता चला कि इस गिरोह के तार कंबोडिया से जुड़े थे और फर्जी सिमकार्ड या ओटीपी के जरिए साइबर अपराध को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस ने अमरोहा के रहने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके नेटवर्क में 3,648 यूनिक सिमकार्ड के इस्तेमाल का खुलासा हुआ है। आरोपियों के पास से 10 मोबाइल फोन और चार सिमकार्ड भी बरामद किए गए हैं।

20 रुपये लाख से ज्यादा ठगे

पुलिस ने बताया कि इस गिरोह ने 15 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 के बीच एक व्यक्ति को लगातार 9 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। साइबर अपराधियों ने पीड़ित को फोन करके बताया कि उसका मोबाइल सिम आतंकियों के पास कश्मीर में मिला है। इतना ही नहीं, उसे यह भी बताया गया कि उसके एचडीएफसी बैंक खाते से 70 करोड़ रुपये का अवैध लेनदेन हुआ है।

आरोपियों ने खुद को एटीएस और एनआईए का अधिकारी बताकर पीड़ित पर दबाव बनाया। डर को और बढ़ाने के लिए व्हाट्सएप पर फर्जी गिरफ्तारी वारंट और सरकारी नोटिस भी भेजे गए। पीड़ित को गिरफ्तारी और आजीवन कारावास की धमकी दी गई। लगातार मानसिक दबाव और कानूनी कार्रवाई के डर से पीड़ित आरोपियों के जाल में फंस गया। इसके बाद उससे कुल 20 लाख 94 हजार 900 रुपये की ठगी कर ली गई।

कंबोडिया से संचालित हो रहे थे व्हाट्सएप अकाउंट

ठगी की शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाना मुजफ्फरनगर ने मामले की तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी में इस्तेमाल किए गए ज्यादातर सिमकार्ड अमरोहा से जारी हुए थे, जबकि संबंधित व्हाट्सएप अकाउंट कंबोडिया से संचालित किए जा रहे थे।

पुलिस की जांच में अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियों के कुल 3648 यूनिक सिमकार्ड सामने आए। इनमें वीआई कंपनी के 2550, एयरटेल के 1035 और जियो के 63 सिमकार्ड शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में सिमकार्ड का इस्तेमाल सामने आने के बाद पुलिस को इस नेटवर्क के व्यापक स्तर पर सक्रिय होने का पता चला।

राशन और सरकारी योजनाओं के नाम पर बनाते थे लोगों को शिकार

पुलिस जांच में गिरोह के काम करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपी गरीब और भोले-भाले लोगों को राशन, बीमा, सरकारी योजनाओं और एनजीओ के माध्यम से आर्थिक सहायता दिलाने का झांसा देते थे। इस बहाने उनकी केवाईसी कराई जाती थी और उनकी पहचान पर सिमकार्ड जारी करा लिए जाते थे।

मुजफ्फरनगर से चल रहा था डिजिटल अरेस्ट का खेल (Image: Dynamite News)

मुजफ्फरनगर से चल रहा था डिजिटल अरेस्ट का खेल (Image: Dynamite News)

इसके बाद इन सिमकार्ड को दूसरे लोगों को बेच दिया जाता था। इन सिमकार्ड पर आने वाले ओटीपी साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे। पुलिस के मुताबिक, व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ओटीपी की खरीद-फरोख्त होती थी। एक व्हाट्सएप ओटीपी के बदले 150 से 300 रुपये तक लिए जाते थे। इस तरह आम लोगों की पहचान का इस्तेमाल करके साइबर ठगी के लिए जरूरी डिजिटल संसाधन जुटाए जा रहे थे।

ऑनलाइन गेमिंग से हनीट्रैप तक, कई तरह की ठगी में नेटवर्क का इस्तेमाल

इस नेटवर्क का इस्तेमाल सिर्फ डिजिटल अरेस्ट तक सीमित नहीं था। इसके जरिए ऑनलाइन गेमिंग, निवेश के नाम पर ठगी और हनीट्रैप जैसे साइबर अपराधों को भी अंजाम दिया जा रहा था।

जांच में ई-कॉमर्स कंपनियों को निशाना बनाने का एक नया तरीका भी सामने आया है। आरोपी अमेजन, फ्लिपकार्ट और मिंत्रा जैसी शॉपिंग वेबसाइटों के साथ-साथ ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं को भी निशाना बना रहे थे। पुलिस के मुताबिक, ऑर्डर कैंसिल कराने और रिफंड दिलाने के नाम पर भी ठगी की जा रही थी। इससे साफ हुआ कि गिरोह अलग-अलग तरीकों से ऑनलाइन ठगी के नेटवर्क को संचालित कर रहा था।

अमरोहा के तीन आरोपी गिरफ्तार, 10 मोबाइल फोन बरामद

साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इस मामले में अमरोहा निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान अंकुश सैनी निवासी मुकिमपुरा, अक्षय कुमार अग्रवाल निवासी जयओम नगर और अब्दुल मलिक निवासी नियारियान, अमरोहा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 मोबाइल फोन और चार सिमकार्ड बरामद किए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी अपराध सुभाषचंद और साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में की गई।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  20 November 2026, 3:22 PM IST

Related News

Advertisement