हिंदी
भाजपा नेता की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हुआ (Image: Dynamite News)
Agra News: घर के पीछे बने तालाब में एक युवक का शव उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भाजपा बूथ अध्यक्ष नागेंद्र के रूप में हुई है, जिनकी उम्र महज 31 साल थी। बताया जा रहा है कि नागेंद्र देर रात एक कार्यक्रम से घर लौटे थे। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत खराब हुई और वह घर के पीछे स्थित तालाब की तरफ टहलने चले गए। लेकिन कुछ घंटों बाद उनका शव तालाब में मिला। परिवार के लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। जवान बेटे की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, पत्नी रोशनी का रो-रोकर बुरा हाल है। नागेंद्र अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।
पूरा मामला आगरा-ग्वालियर रोड स्थित गांव कबूलपुर का है। जानकारी के मुताबिक, कबूलपुर निवासी 31 वर्षीय नागेंद्र बृहस्पतिवार देर रात किसी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर पहुंचे थे। मृतक के चाचा दारा सिंह ने बताया कि घर पहुंचने के कुछ समय बाद अचानक नागेंद्र की तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद वह घर के पीछे बने तालाब के किनारे टहलने के लिए चले गए।
परिजनों को उस वक्त अंदाजा भी नहीं था कि उनके साथ कोई अनहोनी हो सकती है। इसी बीच रात गुजर गई और परिवार के लोग अपने काम में लगे रहे। बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे नागेंद्र के भाई करतार की नजर तालाब पर पड़ी। उन्होंने देखा कि तालाब में नागेंद्र का शव उतराता दिखाई दे रहा है। यह देखते ही परिवार में हड़कंप मच गया।
घर के पीछे तालाब में मिला भाजपा बूथ अध्यक्ष का शव (Image: X)
तालाब में शव दिखाई देने की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। परिवार के लोगों ने नागेंद्र को तालाब से बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घर के पीछे ही इस तरह युवक का शव मिलने से परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
नागेंद्र की मौत की खबर सुनते ही उनकी पत्नी रोशनी बदहवास हो गईं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। नागेंद्र के पिता वीरेंद्र सिंह खेती करते हैं। वहीं, नागेंद्र खुद सोलर पैनल लगाने और उससे जुड़े काम करते थे। इसके अलावा वह राजनीति में भी सक्रिय थे और भारतीय जनता पार्टी के लिए संगठनात्मक जिम्मेदारी निभा रहे थे।
भाजपा के बरौली अहीर मंडल अध्यक्ष हरिमोहन कुशवाहा ने बताया कि नागेंद्र पार्टी के 271 नंबर बूथ के अध्यक्ष थे। उनकी मौत की सूचना मिलने के बाद पार्टी से जुड़े लोगों में भी शोक का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी सैया जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल नागेंद्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।
Location : Agra
Published : 20 November 2026, 1:58 PM IST