हिंदी
राहगीरों को सता रहा हादसे का डर (Image Source: Dynamite News)
Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर शहर के मुख्य बाजार गिरधर चौराहे के पास सड़क की पटरी पर छोड़े गए नुकीले बोल्ट वाहन चालकों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बन रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका ने बड़े प्रचार बोर्ड और फ्लैक्स लगाने के लिए पिलर का फाउंडेशन बनवाया था। विरोध के बाद बोर्ड तो हटा लिए गए, लेकिन फाउंडेशन में लगे नुकीले बोल्ट सड़क किनारे ही छोड़ दिए गए। अब इनकी चपेट में आकर वाहनों के टायर फट रहे हैं। हाल ही में एक कार का टायर फटने से चालक को करीब 8 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
जानकारी के मुताबिक, गिरधर चौराहा शहर के मुख्य बाजार के पास स्थित है और यहां से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। सड़क की पटरी पर बड़े साइन बोर्ड और फ्लैक्स लगाने के लिए पिलर का फाउंडेशन तैयार कराया गया था। स्थानीय स्तर पर विरोध होने के बाद बोर्ड तो हटा लिए गए, लेकिन फाउंडेशन में लगे नुकीले बोल्ट नहीं हटाए गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन बोल्टों की वजह से आए दिन वाहनों के टायर फट रहे हैं और लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि सभासद से लेकर नगर पालिका तक शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
हाल ही में गिरधर चौराहे के पास से गुजर रही एक कार का टायर इन बोल्टों की चपेट में आकर फट गया। कार चालक के मुताबिक, उसे करीब 8 हजार रुपये का नुकसान हुआ। चालक का कहना है कि घटना के समय पीछे से कोई तेज वाहन नहीं आ रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
ये भी पढ़े: न पुलिया सुरक्षित, न रास्ता: मिर्जापुर में 10 लाख की लागत से बनी पुलिया 6 महीने में धंसी
सड़क किनारे छोड़े नुकीले बोल्ट (Image Source: Dynamite News)
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है। कुछ दिन पहले सुल्तानपुर जिले से एक परिवार अपनी बेटी को PET की परीक्षा दिलाने आर्रयकन्या स्कूल, मिर्जापुर आया था। बताया गया कि परिवार की कार का टायर भी इसी फाउंडेशन के नुकीले बोल्ट की चपेट में आकर फट गया था। इसके बाद परिवार को काफी परेशानी हुई और बड़ी मशक्कत के बाद वे वापस लौट पाए।
एक स्थानीय दुकानदार ने बताया, "साहब, रोज यहां टायर फटता है। हम लोग सभासद से लेकर पालिका तक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनता ही नहीं।" वहीं, एक राहगीर ने रात के समय बोल्ट दिखाई नहीं देने की आशंका जताते हुए कहा, "ये तो मौत का जाल बिछा दिया है। रात में तो ये बोल्ट दिखते ही नहीं। कभी कोई बाइक वाला गिर गया तो कौन जिम्मेदार होगा?" कार चालक ने भी नुकसान को लेकर नाराजगी जताई। उसने कहा, "8 हजार का नुकसान हुआ है मेरा। पालिका वाले इसका पैसा देंगे क्या? सिर्फ वोट लेने आते हैं।"
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह फाउंडेशन एक सभासद के आवास के ठीक सामने है। आरोप है कि रोजाना अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और खुद सभासद का इस रास्ते से गुजरना होता है, लेकिन अब तक इसे हटाया नहीं गया। लोगों का कहना है कि गिरधर चौराहा मुख्य बाजार का व्यस्त मार्ग है, ऐसे में सड़क की पटरी पर पड़े नुकीले बोल्ट से वाहन चालकों को खतरा बना हुआ है। बताया गया है कि शहर के अन्य स्थानों पर भी इसी तरह के फाउंडेशन छोड़े गए हैं। वहीं, पेहटी चौराहा पर स्थानीय लोगों के भारी विरोध के बाद ऐसा फाउंडेशन उखड़वाना पड़ा था।
सभासद के घर के सामने पड़ा है नुकीला फाउंडेशन (Image Source: Dynamite News)
ये भी पढ़े: मिर्जापुर में बढ़ते अपराध के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस प्रशासन के खिलाफ उठाई आवाज
इस मामले में अधिवक्ता दिलीप सिंह गहरवार ने सड़क की पटरियों पर इस तरह के फाउंडेशन को अतिक्रमण बताते हुए सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "सड़क की पटरियों पर इसे लगाना ही सबसे बड़ा अतिक्रमण है, आखिरकार किसके और कैसे यह होता आया है और पालिकाध्यक्ष से लेकर अधिकारी क्या करते रहे, क्या उन्हें यह अतिक्रमण नहीं दिखाई दिया है?"
उन्होंने यह भी सवाल किया कि जब पटरी दुकानदारों के खिलाफ अतिक्रमण के नाम पर कार्रवाई होती है तो सड़क की पटरियों पर लगाए गए पोल और होर्डिंग के फाउंडेशन पर कार्रवाई क्यों नहीं होती। स्थानीय लोग नगर पालिका अध्यक्ष और जिला प्रशासन से जानना चाहते हैं कि इन नुकीले बोल्टों को हटाने के लिए कब कदम उठाया जाएगा।
Location : Mirzapur
Published : 20 November 2026, 2:22 PM IST
Topics : Illegal Hoardings Foundation mirzapur news municipal corporation road safety Sharp Bolts on Road