Muzaffarnagar: भागवत कथा में महिलाओं के गहने चुराने वाला गैंग बेनकाब, दिल्ली में रहकर यूपी में करती थीं वारदात

मुजफ्फरनगर में भागवत कथा के दौरान महिला श्रद्धालुओं के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। दिल्ली में रहकर उत्तर प्रदेश में वारदात करने वाली पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से सोने, चांदी और हीरे के आभूषण बरामद किए हैं। एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने पूरी जानकारी दी।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 18 November 2026, 11:26 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में धार्मिक आयोजनों के दौरान महिला श्रद्धालुओं के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले महिला गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग की पांच महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की रहने वाली ये महिलाएं लंबे समय से दिल्ली में रह रही थीं और वहां से उत्तर प्रदेश के अलग-अलग धार्मिक आयोजनों को निशाना बनाती थीं। चार दिन पहले मुजफ्फरनगर में आयोजित भागवत कथा में भी कई महिला श्रद्धालुओं के आभूषण चोरी होने की शिकायत मिली थी। पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से चोरी के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण बरामद किए हैं।

भागवत कथा में महिलाओं के गहने चोरी होने के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

मामला मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सर्कुलर रोड पर आयोजित भागवत कथा से जुड़ा है। करीब चार दिन पहले इस धार्मिक आयोजन में कथा सुनने पहुंची कई महिला श्रद्धालुओं ने अपने सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की शिकायत की थी। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।

2027 की तैयारी में जुटे अखिलेश! गोरखपुर में विनय शंकर तिवारी के हाता पहुंचकर दिया बड़ा संदेश

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी करने वाली महिलाओं की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए। पुलिस को आशंका थी कि भीड़भाड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के आभूषण चोरी किए गए हैं।

बुधवार को पुलिस को उस समय सफलता मिली, जब आभूषण चोरी करने के आरोप में संदिग्ध पांचों महिलाएं दोबारा उसी भागवत कथा में पहुंच गईं। पुलिस ने शक के आधार पर उन्हें हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान महिलाओं ने धार्मिक आयोजनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

Muzaffarnagar News

धार्मिक आयोजनों को निशाना बनाने वाला महिला गैंग गिरफ्तार (Image Source: Dynamite News)

तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की रहने वाली हैं गिरफ्तार महिलाएं

पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पंजवरना, सेरा, मुन्नी, करुणा और रोशनी के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, ये महिलाएं मूल रूप से तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की रहने वाली हैं, लेकिन लंबे समय से दिल्ली में रह रही थीं।

एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा के मुताबिक, ये महिलाएं दिल्ली से कैब बुक करके उत्तर प्रदेश में ऐसे स्थानों पर पहुंचती थीं, जहां भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन हो रहे हों और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद हों। भीड़भाड़ वाले आयोजनों को निशाना बनाकर ये महिला श्रद्धालुओं के आभूषण चोरी करती थीं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गैंग की महिलाएं धार्मिक आयोजनों में अच्छे दर्जे की पोशाक पहनकर पहुंचती थीं, ताकि किसी को उन पर शक न हो। भीड़ के बीच चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद वे चुपचाप वहां से निकल जाती थीं। इसके बाद ऐसे स्थानों पर पहुंचती थीं, जहां उनका पता लगाना मुश्किल हो जाता था।

पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं के पास से चोरी के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण बरामद किए हैं। बरामदगी में चोरी की गई चेन भी शामिल हैं।

Dadri Mela: बलिया में ददरी मेले को लेकर अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर रहेगी विशेष टीमों की नजर

दोबारा भागवत कथा में पहुंचीं तो पुलिस ने दबोचा

एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि चार दिन पहले सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में आयोजित भागवत कथा के दौरान कुछ महिलाओं की चेन चोरी होने की शिकायत मिली थी। पुलिस लगातार इस घटना की जांच कर रही थी। इसी बीच बुधवार को सूचना मिली कि उसी भागवत कथा में वे महिलाएं दोबारा पहुंची हैं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पांचों महिलाओं को पकड़ लिया और उनके पास से चोरी की चेन बरामद की। एएसपी के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि सभी महिलाएं दिल्ली में रहकर इस तरह के आयोजनों को तलाशती थीं और भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की वारदात करती थीं।

उन्होंने बताया कि महिलाएं उन स्थानों को निशाना बनाती थीं, जहां बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होते हैं। फिलहाल पांचों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद धार्मिक आयोजनों में महिलाओं के आभूषणों की चोरी से जुड़े मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अब इस गैंग की गतिविधियों और अन्य घटनाओं में संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  18 November 2026, 11:26 PM IST

Advertisement