जनगणना-2027 का फॉर्म भरते समय न करें ये गलती, ADM ममता मालवीय ने दी जरूरी सलाह

जनगणना-2027 की स्व-गणना में वेबसाइट धीमी चल रही है या फॉर्म भरते समय परेशानी आ रही है? क्या एक मोबाइल नंबर से पूरे परिवार की जानकारी दर्ज हो सकती है? एसई आईडी खोने पर क्या होगा और गलत जानकारी कैसे सुधरेगी? मुरादाबाद की एडीएम ममता मालवीय ने पाठकों के इन अहम सवालों के जवाब दिए हैं।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 18 November 2026, 11:54 PM IST
google-preferred

Muradabad: जनगणना-2027 के दूसरे चरण में 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान ऑनलाइन फॉर्म भरने में आ रही दिक्कतों, एसई आईडी सुरक्षित रखने और गलत जानकारी में सुधार जैसे सवालों पर एडीएम वित्त एवं राजस्व और जिला जनगणना अधिकारी ममता मालवीय ने महत्वपूर्ण जानकारी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्व-गणना के लिए किसी प्रमाण-पत्र की जरूरत नहीं है, लेकिन फॉर्म भरते समय लोकेशन दर्ज करना अनिवार्य है। साथ ही, एसई आईडी को सुरक्षित रखना भी जरूरी है।

16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना का मौका

जनगणना-2027 के क्रम में दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 16 नवंबर से 30 नवंबर तक लोग खुद ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे। स्व-गणना के दौरान वेबसाइट की धीमी रफ्तार और अन्य तकनीकी परेशानियों को लेकर बुधवार को दैनिक जागरण के प्रश्न पहर कार्यक्रम में पाठकों ने ममता मालवीय से सवाल किए।

2027 की तैयारी में जुटे अखिलेश! गोरखपुर में विनय शंकर तिवारी के हाता पहुंचकर दिया बड़ा संदेश

एक पाठक ने पूछा कि क्या एक ही मोबाइल नंबर से पूरे परिवार की स्व-गणना की जा सकती है? इस पर ममता मालवीय ने बताया कि एक फोन नंबर से पूरे परिवार की स्व-गणना की जा सकती है। हालांकि, परिवार का कोई सदस्य दूसरे स्थान पर रहता है और उसकी अलग आईडी बनती है तो उसके लिए दूसरे मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करना होगा।

सभी 40 सवालों के जवाब देने की अनिवार्यता को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि स्व-गणना के दौरान किसी भी तरह का प्रमाण-पत्र या प्रपत्र नहीं देना है। संबंधित सवालों के सीधे जवाब देने हैं। यदि किसी सवाल का जवाब नहीं पता है तो उसे छोड़कर आगे बढ़ सकते हैं। एक दिसंबर से प्रगणक घर पहुंचेंगे और छूटी हुई जानकारी पूरी करा देंगे।

वेबसाइट धीमी चले तो 'सेव एज ड्राफ्ट' से बचाएं अपनी जानकारी

ऑनलाइन फॉर्म भरते समय वेबसाइट धीमी चलने या किसी वजह से प्रक्रिया बीच में रुक जाने की स्थिति में दोबारा शुरुआत करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ममता मालवीय ने बताया कि फॉर्म में जहां तक जानकारी भर चुके हैं, वहां 'सेव एज ड्राफ्ट' का विकल्प मिलेगा। इस पर क्लिक करने से भरी गई जानकारी ड्राफ्ट के रूप में सुरक्षित रहेगी और बाद में उसी जगह से प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी। पूरी जानकारी भरने के बाद फॉर्म को फाइनल सबमिट करना होगा।

उन्होंने एसई आईडी यानी सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी को सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया। उनके मुताबिक, यदि यह आईडी सुरक्षित नहीं रखी गई तो पूरी प्रक्रिया दोबारा करनी पड़ सकती है। स्व-गणना पूरी होने के बाद जब प्रगणक घर आएंगे तो परिवार को उन्हें अपनी एसई आईडी साझा करनी होगी। इससे विवरण का सत्यापन आसानी से हो सकेगा।

फॉर्म में गलत जानकारी भर जाने की स्थिति पर उन्होंने बताया कि फाइनल सबमिट करने से पहले उसमें सुधार किया जा सकता है। लेकिन एक बार फाइनल सबमिट होने के बाद ऑनलाइन जानकारी में बदलाव नहीं किया जा सकेगा। ऐसी स्थिति में एक दिसंबर से घर पहुंचने वाले प्रगणक के माध्यम से सुधार कराया जा सकता है।

दीपावली-छठ के बाद घर लौटना होगा आसान, बलिया होकर चलेंगी तीन स्पेशल ट्रेनें, जानें पूरा शेड्यूल

खाली मकान और बेघर लोगों की गणना को लेकर भी दी जानकारी

जिन लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी नहीं है, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। ममता मालवीय ने बताया कि वे एक दिसंबर से घर पहुंचने वाले प्रगणक को अपनी जानकारी देकर प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्व-गणना करने के बाद भी प्रगणक घर आएंगे। ऑनलाइन जानकारी भरना जनगणना से छूट पाने का विकल्प नहीं है, बल्कि इससे प्रगणक को विवरण के सत्यापन में आसानी होगी।

खाली मकान, बंद मकान या घर के सदस्यों के बाहर रहने की स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने बताया कि पहले चरण में हाउस लिस्टिंग हो चुकी है और इसका पूरा ब्योरा मौजूद है। ऐसी स्थिति में प्रगणक संबंधित स्थानों पर संपर्क कर प्रक्रिया पूरी करेंगे।

रेलवे स्टेशन और अन्य स्थानों पर वर्षों से रह रहे बेघर लोगों की गणना के बारे में उन्होंने बताया कि चार जनवरी की शाम छह बजे से ऐसे लोगों की गणना होगी। इसके लिए प्रगणक पहले से संबंधित स्थानों का सर्वे कर उनका ब्योरा तैयार रखेंगे।

ममता मालवीय ने सभी लोगों से स्व-गणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। जनगणना से जुड़ी किसी भी दिक्कत या परेशानी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 और वाट्सएप नंबर 18001801855 पर संपर्क किया जा सकता है।

Location :  Muradabad

Published :  18 November 2026, 11:54 PM IST

Related News

Advertisement