हिंदी
फतेहपुर में बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल
Fatehpur: जिले के बहुआ विकासखंड में जलभराव की समस्या ने ग्रामीणों का जीवन मुश्किल कर दिया है। गांव के रास्तों पर जमा गंदा पानी अब आवागमन में बाधा बनने के साथ हादसे की आशंका भी पैदा कर रहा है। हालात ऐसे हैं कि स्कूली बच्चों को भी इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। वहीं, भरे हुए पानी में बिजली का करंट उतरने के आरोप ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने अब जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर समस्या से निजात मांगी है।
मामला फतेहपुर जिले के बहुआ विकासखंड की ग्राम पंचायत गाजीपुर मजरे कंचनपुर का है। यहां लंबे समय से जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। गांव के रास्तों पर गंदा पानी जमा होने से लोगों का रोजमर्रा के कार्यों के लिये निकलना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों को जरूरी कामों के लिए भी पानी से भरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। स्कूल जाने और वहां से घर लौटने के दौरान बच्चों को गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ता है। इससे उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रास्तों पर पानी जमा रहने के कारण सामान्य आवाजाही भी आसान नहीं रह गई है।
ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार (Img: Dynamite News)
जलभराव की समस्या के बीच ग्रामीणों ने एक और गंभीर आरोप लगाया है। जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि जमा पानी में बिजली का करंट भी उतर आया था। इससे किसी बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई।
गंदे पानी से भरे रास्तों पर पहले से ही लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसे में करंट उतरने की आशंका ने ग्रामीणों और खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
गांव की समस्याएं बयां करतीं महिलाएं (Img: Dynamite News)
जलभराव से स्थायी राहत पाने के लिए ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के माध्यम से नाले का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि नाला बनने से पानी की निकासी हो सकेगी और गांव में बार-बार होने वाले जलभराव की समस्या का समाधान संभव होगा।
किसी के सिर सजना था सेहरा, किसी के घर लौटने का था इंतजार; फतेहपुर में दो युवकों की मौत
इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा है। अब ग्रामीणों को जिला प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है। देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या पर कब संज्ञान लेता है और गाजीपुर मजरे कंचनपुर के लोगों को जलभराव तथा उससे जुड़े खतरों से राहत दिलाने के लिए कब ठोस कदम उठाए जाते हैं।
Location : Fatehpur
Published : 20 November 2026, 3:09 PM IST