हिंदी
पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया (Image: Dynamite News)
पूरा मामला देवरिया सदर कोतवाली क्षेत्र के रजला चौहान टोला का है। पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे रजला टोला निवासी नेहा देवी पत्नी अर्जुन राजभर अपने पति के साथ दोपहिया वाहन से बाजार जा रही थी। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने रास्ते में उनका वाहन रोक लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
देवरिया सदर कोतवाली की घटना (Image: Dynamite News)
आरोप है कि किसी तरह जान बचाकर नेहा देवी और उनके परिजन अपने घर पहुंचे, लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। विपक्षी पक्ष के लोग कथित तौर पर उनके घर में घुस आए और लाठी-डंडे, चाकू तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना में नेहा देवी, उनके पति अर्जुन, देवर पंकज, अभिषेक, संतोष, सिरजावती और आशा घायल हो गए। हमलावरों ने परिवार के दोपहिया वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया गया।
शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास के अभियोग में कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने छह वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक राजभर पुत्र संतोष राजभर, अर्जुन राजभर पुत्र स्वामीनाथ राजभर, निकेश राजभर पुत्र राजू राजभर, विकास राजभर पुत्र राजू राजभर, आकाश राजभर पुत्र राजू राजभर और मुकेश राजभर पुत्र राजू राजभर के रूप में हुई है। सभी आरोपी रजला चौहान टोला (भर टोला), थाना कोतवाली, जनपद देवरिया के निवासी हैं।
छह आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय, उपनिरीक्षक मनीष सिंह, हेड कांस्टेबल गुड्डू प्रजापति, कांस्टेबल अवधेश यादव और रिजर्व कांस्टेबल गौरव यादव शामिल रहे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुए इस विवाद में सात लोगों के घायल होने के बाद पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Location : Deoria
Published : 20 November 2026, 5:59 PM IST