हिंदी
कर्ज के बोझ तले दबे युवक ने खाया जहर (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
Budaun: जिले में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार कर्ज की रकम मांगने को लेकर रिश्तेदारों ने युवक को फोन किया था। इस दौरान कथित तौर पर गाली-गलौज भी हुई। इसके बाद युवक की अपनी मां से भी फोन पर कहासुनी हो गई। इसके बाद शाम को उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पत्नी उसे उपचार के लिए ले गई, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
मृतक की पहचान नीतेश (28) पुत्र सत्यवीर के रूप में हुई है। वह जनपद एटा के थाना बागवाला क्षेत्र के गांव गोला कुआं का रहने वाला था। करीब दो वर्ष पहले उसकी शादी बदायूं जिले के थाना उसैहत क्षेत्र के पृथ्वी नगला निवासी सतपाल की पुत्री महावती से हुई थी।
बताया गया कि शादी के बाद परिवार में कलह होने लगी थी। इसके बाद नीतेश अपनी पत्नी के साथ बदायूं के कस्बा कादरचौक में रहने लगा। यहां वह खाद की दुकान पर नौकरी करता था और पत्नी के साथ किराए के कमरे में रह रहा था।
मृतक के परिजन (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
इसी दौरान नीतेश पर रिश्तेदारों का कुछ कर्ज हो गया था। बताया जा रहा है कि रिश्तेदार लगातार उस पर कर्ज चुकाने का दबाव बना रहे थे। घटना वाले दिन भी रिश्तेदारों ने उसे फोन किया और कर्ज की रकम वापस मांगी।
आरोप है कि फोन पर बातचीत के दौरान रिश्तेदारों ने उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद नीतेश ने अपनी मां को फोन किया। मां से भी उसकी फोन पर कहासुनी हो गई। लगातार विवाद और तनाव के बीच वह परेशान हो गया ।
मृतक की पत्नी (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
बताया गया कि रिश्तेदारों और मां से फोन पर विवाद के बाद शाम के समय नीतेश ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। यह देखकर पत्नी ने उसके उपचार की व्यवस्था की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की सूचना मिलने पर एटा से उसके परिजन कादरचौक पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल इस घटना से परिवार में मातम पसरा है। कर्ज के दबाव और विवाद के बीच हुई युवक की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई है।
Location : Budaun
Published : 20 November 2026, 4:52 PM IST