हिंदी
ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर सख्ती, (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
Deoria: यातायात माह नवंबर-2026 के तहत देवरिया पुलिस ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 129 वाहनों का चालान किया गया, जबकि चार वाहनों को सीज कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान बस स्टैंड और कसया ओवरब्रिज पर सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई की गई। वहीं बिना हेलमेट, बाइक पर तीन सवारी बैठाने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और वैध फिटनेस के वाहन संचालित करने वालों के खिलाफ भी चालान एवं सीज की कार्रवाई की गई।
सड़क पर मनमानी करने वालों की आई शामत (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
चेकिंग अभियान के दौरान पुरवा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। वहीं, शहर में गाड़ियों पर अवैध रूप से काली फिल्म लगाकर चलने वाले वाहन चालकों को भी पुलिस ने नहीं बख्शा।
वैध फिटनेस के बिना वाहन संचालित करने वालों के खिलाफ भी चालान और सीज करने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 129 वाहनों का चालान हुआ और चार वाहन सीज किए गए।
स्कूली बच्चों को सिखाया यातायात के नियम (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
चेकिंग अभियान के साथ ही जनता इंटरमीडिएट कॉलेज, सोनूघाट में यातायात पुलिस ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्हें जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर सुरक्षित आवागमन के लिए प्रेरित किया गया।
देवरिया पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, निर्धारित संख्या में सवारी बैठाने और वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज पूर्ण रखने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
Location : Deoria
Published : 20 November 2026, 5:02 PM IST