हिंदी
Gorakhpur: जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैम्पियरगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने डकैती की योजना बनाने के आरोप में नौ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से छह हजार रुपये नकद, नौ मोबाइल फोन, तीन हाथ की घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल होने वाले कई औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो बिना नंबर प्लेट की चार पहिया गाड़ियों को भी कब्जे में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संजय गौतम पुलिस टीम के साथ अपराधियों की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर नौ संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से छह हजार रुपये नकद, नौ मोबाइल, तीन हाथ की घड़ियां और एक चाभी का गुच्छा बरामद हुआ।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
इसके अलावा पुलिस ने एक लोहे का सब्बल, आरी का एक फर्मा, दो ब्लेड, एक रस्सी तथा हैंडल सहित एक हथौड़ी भी बरामद की। मौके से दो बिना नंबर प्लेट की चार पहिया गाड़ियां भी मिलीं, जिनका इस्तेमाल घटना में किए जाने की बात पुलिस ने बताई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश राय, बृजेश राय, हरिराम राय, रमेश राय, परमेश्वर राय, मोहन राय, लक्ष्मण रावत, अजय राय और सुनेश रावत के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण और बेतिया क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।
अयोध्या में आकाश आनंद ने मायावती को लेकर दिया बड़ा बयान, कार्यकर्ताओं से करवाया ये संकल्प
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सुनेश रावत का गोरखपुर के कैंट थाने में पहले से आपराधिक इतिहास दर्ज है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में लूट और चोरी से संबंधित धाराओं में तथा वर्ष 2020 में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजय गौतम, जयप्रकाश यादव, आशीष चौधरी, सुधांशु यादव सहित 14 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 20 November 2026, 4:02 PM IST