हिंदी
ऑपरेशन के बाद मौत से मचा हड़कंप (Image Source: Dynamite News)
Deoria: देवरिया के एक निजी अस्पताल में हर्निया के ऑपरेशन के दौरान 35 वर्षीय युवक की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और एंबुलेंस चालक पर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि युवक की मौत के बाद शव को करीब चार घंटे तक एंबुलेंस में रखकर हाटा-कुशीनगर मार्ग पर घुमाया गया। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने अस्पताल को सील कर दिया।
मामला देवरिया जिले का है। जानकारी के मुताबिक, बघौचघाट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी हसन अहमद (35) के पेट में अचानक तेज दर्द हुआ। इसके बाद परिजन उन्हें 19 नवंबर को दिन में 10:00 बजे देवरिया-कसया मार्ग स्थित अजीत कुमार शर्मा के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिजनों के मुताबिक, अस्पताल में जांच के बाद कर्मचारियों ने हर्निया का ऑपरेशन कराने की सलाह दी। इसके बाद शाम करीब सात बजे हसन अहमद का ऑपरेशन किया गया। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान ही उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में युवक की मौत के बाद उन्हें शव सौंपने के बजाय अस्पताल प्रबंधन और एंबुलेंस चालक ने शव को एंबुलेंस में रख लिया। इसके बाद करीब चार घंटे तक हाटा-कुशीनगर मार्ग पर इधर-उधर घुमाते रहे। इस घटनाक्रम ने परिजनों को परेशान कर दिया।
अस्पताल प्रबंधन पर उठे सवाल (Image Source: Dynamite News)
परिजनों के अनुसार, जब उन्हें एंबुलेंस में शव ले जाए जाने की जानकारी मिली तो उन्होंने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। बताया जाता है कि पांडेय चक चौराहे के पास एंबुलेंस चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
इसके बाद परिजन शव को लेकर वापस उसी निजी अस्पताल पहुंचे। वहां अस्पताल प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच जमकर कहासुनी हुई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और एंबुलेंस चालक की भूमिका पर सवाल उठाए और शव को ठिकाने लगाने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया।
घटना की सूचना मृतक की पत्नी रूबिना ने देवरिया कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी। हालांकि, शव को एंबुलेंस में लेकर घूमने और उसे ठिकाने लगाने की कोशिश के संबंध में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
मणिपुर में जहरीली शराब बनी काल, करीब 15 लोगों की मौत, 180 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती
मामले की जानकारी मिलने के बाद सदर क्षेत्राधिकारी संजय रेड्डी और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अजीत कुमार सिंह की संयुक्त टीम निजी अस्पताल पहुंची। टीम ने अस्पताल में जांच-पड़ताल की और शाम करीब 7:00 बजे अस्पताल को सील कर दिया।
अस्पताल सील किए जाने की कार्रवाई के बाद देवरिया जनपद में निजी अस्पतालों के संचालकों में हड़कंप मच गया। वहीं, इस घटना को लेकर आम जनमानस में भी निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि देवरिया जनपद के कई निजी अस्पतालों में इस तरह की घटनाएं देखने को मिल रही हैं। उनका आरोप है कि स्वास्थ्य प्रशासन के ढुलमुल रवैये के कारण आम लोगों को आर्थिक और शारीरिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, लेकिन इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल को सील कर चुकी है। अब इस पूरे मामले में जांच के बाद ही ऑपरेशन के दौरान युवक की मौत और उसके बाद शव को एंबुलेंस में ले जाने की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
Location : Deoria
Published : 20 November 2026, 10:37 PM IST