हिंदी
बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री (सोर्स-एक्स)
New Delhi: साल 2027 की शुरुआत में पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक गलियारों में धार्मिक आयोजनों की गूंज तेज हो गई है। इसी कड़ी में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री उर्फ बाबा बागेश्वर की डिमांड चुनावी राज्यों में अचानक बढ़ गई है। दिसंबर के अंत तक उनके जितने भी कथा कार्यक्रम तय किए गए हैं, उनमें से अधिकांश उत्तर प्रदेश और पंजाब में होने हैं। खास बात यह है कि इन आयोजनों की कमान सीधे तौर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने संभाल रखी है। हिंदू और सनातन धर्म की एकजुटता के आह्वान के चलते धीरेंद्र शास्त्री अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा और विवादों में बने रहते हैं।
सियासी माहौल में बाबा बागेश्वर की कथाओं का आयोजन कोई नई बात नहीं है। इससे पहले बिहार और मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनावों के दौरान भी उनके कार्यक्रमों ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अब आगामी चुनावों के मद्देनजर यूपी, पंजाब और इन राज्यों की सियासत को प्रभावित करने वाले क्षेत्रों में नेताओं द्वारा उनके लगातार कार्यक्रम रखवाए जा रहे हैं।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मौत बनकर दौड़ी XUV, सड़क पार कर रहे तीन लोगों की दर्दनाक मौत
धीरेंद्र शास्त्री ने हाल ही में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा में अपनी चर्चित राम कथा संपन्न की है। इस भव्य आयोजन के पीछे जनसत्ता दल के नेता और स्थानीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया थे। यूपी के बाद अब बाबा बागेश्वर का पड़ाव पंजाब है, जहां 22 से 24 नवंबर तक पठानकोट में 'श्री हनुमंत कथा' चल रही है।
धीरेंद्र शास्त्री की राजनीतिक मांग बढ़ी (सोर्स-एक्स)
पठानकोट के इस आयोजन की जिम्मेदारी सुजानपुर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार स्वर्ण सिंह सलारिया ने उठाई है। सलारिया ने जानकारी दी है कि मंगलवार, 24 नवंबर को आयोजित होने वाले 'दिव्य दरबार' में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के भी शामिल होने की पूरी उम्मीद है। बाबा बागेश्वर के बयानों का समर्थन करते हुए सलारिया ने कहा कि यदि वे हिंदुओं को एकजुट करने की बात करते हैं तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने धर्मांतरण को गलत बताते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा सनातन धर्म के साथ खड़ी रही है।
गोरखपुर में पुलिस महकमे का बड़ा उलटफेर, 65 दरोगाओं तबादले, कई थानों के प्रभारी बदले
कुंडा से लेकर दिसंबर के आखिरी हफ्ते तक धीरेंद्र शास्त्री के तय कार्यक्रमों की सूची साफ तौर पर राजनीतिक संदेश देती नजर आती है। आगामी दिनों में उनका पूरा शेड्यूल बेहद व्यस्त है-
मुंबई: 26 से 28 नवंबर तक अंधेरी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में श्री हनुमंत कथा होगी।
गोंडा (यूपी): 4 से 6 दिसंबर तक कथा का आयोजन होगा, जिसके आयोजक बीजेपी विधायक बवन सिंह हैं।
झांसी (यूपी): 11 से 13 दिसंबर तक बीजेपी विधायक रवि शर्मा द्वारा श्री हनुमंत कथा करवाई जाएगी।
बक्सर और वृंदावन: 14 से 16 दिसंबर तक बिहार के बक्सर में और 17 से 19 दिसंबर तक वृंदावन में कथा आयोजित होगी।
लखनऊ और आगरा: 21 से 25 दिसंबर तक लखनऊ में बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह श्री हनुमंत कथा के आयोजक होंगे, जिसके बाद 27 से 29 दिसंबर तक आगरा में कथा के साथ साल के कार्यक्रमों का समापन होगा।
Location : New Delhi
Published : 23 November 2026, 1:28 PM IST
Topics : Assembly Elections 2027 Baba Bageshwar Dhirendra Shastri UP Assembly Election 2027 UP Politics