Kanpur: मोहसिन रजा की सपा को दो टूक, बोले- 2027 का चुनाव होगा आखिरी

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कानपुर पहुंचे भाजपा नेता मोहसिन रजा ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए बड़ा दावा किया। उन्होंने योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और भाजपा की दोबारा सत्ता में वापसी का भरोसा जताया। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित गठजोड़ पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 22 November 2026, 10:59 PM IST
google-preferred

Kanpur: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। इसी बीच रविवार को कानपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष और भाजपा नेता मोहसिन रजा ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए मोहसिन रजा ने कहा कि 2027 का चुनाव सपा के लिए आखिरी चुनाव साबित होगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद समाजवादी पार्टी को पीडीए में ही जाना होगा। मोहसिन रजा ने यह बयान चमनगंज स्थित भाजपा कार्यकर्ता मोहम्मद आजीज के आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान दिया।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए विपक्ष की राजनीति पर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक, प्रदेश की जनता अब विकास और अपने बच्चों के भविष्य को प्राथमिकता दे रही है।

योगी सरकार की कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की तारीफ

मोहसिन रजा ने योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और विकास कार्यों को सरकार की बड़ी कामयाबी बताया। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में अपराध और लूटपाट की घटनाओं के कारण लोग भयभीत रहते थे, लेकिन मौजूदा सरकार में कारोबारी और महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने प्रदेश में एक्सप्रेसवे और बुनियादी ढांचे के तेजी से हो रहे विस्तार का भी जिक्र किया। उदाहरण देते हुए उन्होंने कानपुर से लखनऊ एक्सप्रेसवे के बीच 40 मिनट की यात्रा का उल्लेख किया। उनका कहना था कि सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के हित में विकास कार्य कर रही है।

बदायूं में भीषण सड़क हादसा: गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार की जोरदार भिड़ंत, तीन लोग घायल

भाजपा से युवाओं के जुड़ने का दावा करते हुए मोहसिन रजा ने कहा कि आज युवा भाजपा में अपना भविष्य देख रहे हैं। मुस्लिम युवा भी पार्टी से जुड़ रहे हैं और उन्हें अपने भविष्य की संभावनाएं दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास के तहत देश और प्रदेश में काम कर रही है।

विपक्ष पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर लिया। कांग्रेस के शासनकाल में 3000 सांप्रदायिक दंगे होने की बात कही। वहीं, बंटवारे के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। मथुरा से जुड़े धार्मिक सवाल पर भी उन्होंने सपा की राजनीति पर सवाल खड़े किए।

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के समीकरण पर भी बोले

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित राजनीतिक समीकरण को लेकर पूछे गए सवाल पर मोहसिन रजा ने कहा कि मुस्लिम समाज अब किसी के बहकावे में आने वाला नहीं है। ओवैसी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं, जिनके भाषण को लोग गंभीरता से लेते होंगे, लेकिन हम लोग उनके भाषण को गंभीरता से नहीं लेते।

कानपुर से धर्मेंद्र यादव ने भरी हुंकार, मुलायम सिंह यादव की जयंती पर भाजपा को घेरा

उन्होंने कहा कि लोगों को अब अपने बच्चों के भविष्य और विकास की चिंता है। भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

इस दौरान मोहसिन रजा ने कानपुर से अपने पुराने रिश्तों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि क्रिकेट के दिनों में वह ग्रीन पार्क हॉस्टल में रहे थे और बीएनएसडी कॉलेज में पढ़ाई की थी। उन्होंने कहा कि चमनगंज, नवीन मार्केट और स्वरूप नगर में आज भी उनके पुराने मित्र और समर्थक मौजूद हैं। कानपुर दौरे के दौरान उनके इन बयानों ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की सियासत में जारी बयानबाजी को एक बार फिर चर्चा में ला दिया।

Location :  Kanpur

Published :  22 November 2026, 10:59 PM IST

Related News

Advertisement