महराजगंज में गूंजा हवाई हमले का सायरन: 10 लोगों के फंसे होने पर मची अफरा-तफरी, 8 एंबुलेंस व रेस्क्यू टीमें तैनात

महराजगंज कलेक्ट्रेट परिसर में रविवार शाम हवाई हमले और ब्लैकआउट की स्थिति से निपटने के लिए 30 मिनट तक मॉक ड्रिल चली। सायरन बजते ही बिजली गुल हुई और आग लगने के साथ 10 लोगों के फंसे होने की सूचना पर अग्निशमन, पुलिस, नागरिक सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं। 10 लोगों का रेस्क्यू कर घायलों को प्राथमिक उपचार देने से लेकर जिला अस्पताल रेफर करने तक की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। देखिए आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए महराजगंज प्रशासन की कैसी रही तैयारी।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 22 November 2026, 9:31 PM IST
google-preferred

Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज में हवाई हमले की चेतावनी, सायरन की गूंज, अचानक ब्लैकआउट और आग लगने के बीच फंसे लोगों को बचाने के लिए दौड़ती रेस्क्यू टीमें... रविवार शाम महराजगंज कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। हालांकि यह कोई वास्तविक हमला नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन की ओर से आयोजित मॉक ड्रिल थी।

जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष शिवशरणप्पा जीएन के निर्देश पर रविवार, 22 नवंबर को शाम 6 बजे से 6:30 बजे तक ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसका मुख्य उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों की तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय को परखना था।

सायरन बजते ही लागू हुआ ब्लैकआउट

मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी जारी करने के लिए निर्धारित समय पर सायरन बजाया गया। इसके साथ ही विद्युत विभाग की टीम ने संबंधित क्षेत्र की बिजली और प्रकाश व्यवस्था बंद कर ब्लैकआउट लागू किया। इसी बीच आग लगने और 10 व्यक्तियों के फंसे होने की काल्पनिक सूचना कंट्रोल रूम को दी गई।

सूचना मिलते ही अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं। हवाई हमले जैसी स्थिति का वास्तविक आभास कराने के लिए पटाखों और कृत्रिम धुएं का भी इस्तेमाल किया गया।

ये भी पढ़ें: यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 144 DSP के तबादले; महराजगंज, गोरखपुर, लखनऊ समेत कई जिलों बदले गए अफसर

मॉक ड्रिल में परखी गई आपदा से निपटने की तैयारी (Image Source: Dynamite News)

8 एंबुलेंस और 7 फायर टेंडर के साथ पहुंचीं टीमें

घटनास्थल पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने आग पर काबू पाने का अभ्यास किया। वहीं नागरिक सुरक्षा एवं रेस्क्यू टीम ने फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई की। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम और फील्ड अस्पताल को भी सक्रिय रखा गया। इस दौरान 8 एंबुलेंस और 7 फायर टेंडर तैनात रहे।

10 लोगों का रेस्क्यू, 7 सामान्य और 3 गंभीर घायल

रेस्क्यू टीम ने सभी 10 काल्पनिक प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालकर मेडिकल पोस्ट तक पहुंचाया। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनका ट्रायेज किया। इनमें 7 लोगों को सामान्य श्रेणी में रखते हुए प्राथमिक उपचार देने का अभ्यास किया गया, जबकि 3 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार और स्थिरीकरण के बाद एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर करने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद घटनास्थल की अंतिम तलाशी ली गई और कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी 10 व्यक्तियों की सुरक्षित निकासी एवं स्थिति की पुष्टि की गई।

ये भी पढ़ें: महराजगंज में समाधान दिवस के दौरान DM ने दिखाई सख्ती, अधिकारियों को दी ये हिदायत

30 मिनट में पूरी हुई राहत-बचाव की कवायद

सभी राहत एवं बचाव कार्य पूरे होने और स्थिति नियंत्रण में होने की पुष्टि के बाद ब्लैकआउट समाप्त करने की अनुमति दी गई। विद्युत विभाग ने दोबारा बिजली और प्रकाश व्यवस्था बहाल की। सभी टीमों एवं संसाधनों की गणना के बाद शाम 6:30 बजे मॉक ड्रिल संपन्न हुई।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, प्रभारी अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी विजय यादव, जिला आपदा विशेषज्ञ चंदन द्विवेदी सहित पुलिस, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  22 November 2026, 9:31 PM IST

Related News

Advertisement