देश में 5G नेटवर्क और संपर्क से बाहर हुआ मिर्जापुर का गांव, एक कॉल के लिए भी तरस रहे ग्रामीण

एक समय पूरे गांव की उम्मीद बना BSNL का टावर आज खुद अपनी बदहाली की कहानी बयां कर रहा है। जिस जमीन को ग्रामीणों ने गांव में बेहतर संचार सुविधा के लिए दान दिया था। वहां आज झाड़ियां उगी हैं और एक्सचेंज भवन पर ताला लटक रहा है। देखिए मिर्जापुर के परमापुर गांव की यह खास रिपोर्ट।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 23 November 2026, 2:14 PM IST
google-preferred

मिर्जापुर: जिले के पटेहरा विकास खंड के परमापुर (बहुती) गांव के बीचों-बीच लगा भारत सरकार की दूरसंचार कंपनी BSNL का विशाल टावर आज बदहाली का शिकार है। कभी टावर से पूरे इलाके में बेहतर संचार सुविधा मिलने की उम्मीद थी। आज यह जंगली झाड़ियों और खर-पतवार से घिरा हुआ है। एक्सचेंज भवन के मुख्य गेट पर जंग लगा ताला लटक रहा है और अंदर सन्नाटा पसरा हुआ है। एक दशक से ज्यादा समय से उपेक्षा का शिकार यह परिसर अब सरकारी लापरवाही की तस्वीर बनकर रह गया है।

पिता ने दी थी जमीन, बेटा देख रहा बदहाली

गांव के निवासी बिपल सिंह बिंद बताते हैं कि उनके पिता स्वर्गीय कुंवर सिंह ने अपनी जमीन इस उम्मीद से दी थी कि गांव में एक्सचेंज खुलने से पिछड़े इलाके के लोगों को भी शहर जैसी संचार सुविधा मिल सकेगी। उस समय गांव के लोग काफी खुश थे।

शुरुआत में इसका फायदा भी मिला। लोगों ने बड़ी संख्या में BSNL के सिम खरीदे। गांव के युवा इसी टावर के सहारे पढ़ाई और नौकरी के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरते थे। लेकिन धीरे-धीरे सरकारी उदासीनता और अधिकारियों की अनदेखी के चलते यह व्यवस्था पूरी तरह बदहाल होती चली गई।

पहले सिग्नल गायब हुआ

ग्रामीणों के मुताबिक, इस एक्सचेंज की बर्बादी धीरे-धीरे शुरू हुई। पहले टावर का सिग्नल कमजोर हुआ और फिर पूरी तरह गायब हो गया। इसके बाद यहां तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को भी धीरे-धीरे हटा दिया गया। आज परिसर पूरी तरह उजाड़ हो चुका है।

ग्रामीणों का आरोप है कि मुख्य गेट पर ताला लटकने का फायदा उठाकर चोर यहां से कीमती उपकरण, दरवाजे और खिड़कियां तक उखाड़ ले गए। किसी ने इसकी सुध लेने की जरूरत नहीं समझी। मौके पर झाड़ियों से घिरा भवन, टूटे शटर और खाली कमरे इसकी बदहाली की कहानी बयां कर रहे हैं।

आज भी बेहतर नेटवर्क के लिए परेशान हैं ग्रामीण

पटेहरा विकास खंड का यह इलाका आज भी पिछड़े क्षेत्रों में गिना जाता है। एक तरफ देश में 5G नेटवर्क की बात हो रही है, वहीं दूसरी तरफ यहां के लोगों को एक फोन कॉल करने के लिए भी गांव से बाहर जाना पड़ता है।

bsnl

ग्रामीण

नेटवर्क की समस्या के कारण छात्र ऑनलाइन पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। वहीं किसानों को मौसम और मंडी के भाव की जानकारी के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता है।

ग्रामीणों की मांग है कि सरकार इस एक्सचेंज का जीर्णोद्धार कराकर इसे दोबारा चालू कराए। अगर ऐसा संभव नहीं है तो इस जमीन का इस्तेमाल गांव के किसी सार्वजनिक काम के लिए किया जाए। ग्रामीणों ने बताया कि जिस जमीन को जनहित के लिए दिया गया था, उसे इस तरह बर्बाद होते नहीं देखा जा सकता।

कौन लेगा सरकारी संपत्ति की बदहाली की जिम्मेदारी?

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस जमीन को ग्रामीणों ने गांव के विकास और जनहित के लिए दिया था। उसका यह हाल क्यों हुआ? सरकारी संपत्ति की देखरेख की जिम्मेदारी किसकी थी? परिसर से कीमती उपकरण और अन्य सामान चोरी होने के मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई?

इस संबंध में BSNL के अधिकारियों से पक्ष जानने का प्रयास किया गया। संपर्क नहीं हो सका। वहीं, ग्रामीण आज भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि उनकी आवाज जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचेगी और कभी पूरे इलाके की उम्मीद रहा यह टावर फिर से चालू हो सकेगा।

Location :  Mirzapur

Published :  23 November 2026, 2:14 PM IST

Advertisement