हिंदी
अयप्पा मंदिर (Img : pinterest)
केरल: विश्व प्रसिद्ध सबरीमाला स्थित भगवान अयप्पा मंदिर में दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जिला प्रशासन ने एक जरूरी आदेश जारी किया है। तीर्थयात्रा के दौरान पम्पा नदी में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए प्रशासन ने अब सख्ती शुरू कर दी है। नए आदेश के मुताबिक, नदी में कपड़े या किसी भी तरह का कचरा फेंकने वालों पर 5 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से नदी की पवित्रता और सफाई बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
केरल के मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर श्रद्धालुओं से सबरीमाला और पम्पा नदी को साफ रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पवित्र नदी में कपड़े, प्लास्टिक या किसी भी तरह का कचरा न फेंकें। साथ ही इसकी पवित्रता बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे स्वच्छ रखने में सहयोग करें।
दरअसल, दिसंबर और जनवरी के महीने में मकरविलक्कू उत्सव के दौरान भगवान अयप्पा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु सबरीमाला पहुंचते हैं। इस तीर्थयात्रा के दौरान पवित्र पम्पा नदी में स्नान करने की परंपरा भी है। परेशानी तब बढ़ जाती है। जब कई श्रद्धालु स्नान करने के बाद अपने गीले कपड़े नदी में ही छोड़ देते हैं। इससे नदी में प्रदूषण बढ़ रहा है।
जिला प्रशासन के मुताबिक, उत्सव के दौरान हर दिन पम्पा नदी में कई टन कपड़े फेंके जा रहे हैं। इसी समस्या को देखते हुए प्रशासन ने अब सख्त कदम उठाया है। जारी आदेश में साफ कहा गया है कि नदी में कपड़े या कचरा फेंकने वालों पर 5 हजार रुपये तक का तत्काल जुर्माना लगाया जा सकता है।
यह आदेश BNSS, 2023 की धारा 163 और केरल पंचायत राज अधिनियम, 1994 की धारा 219N(1) और (3) के तहत जारी किया गया है।
प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि अगर कोई व्यक्ति 15 दिनों के भीतर जुर्माने की रकम जमा नहीं करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 279 और जल (प्रदूषण निवारण और नियंत्रण) अधिनियम, 1974 की धारा 24 के साथ धारा 43 के तहत कार्रवाई का प्रावधान है।
अयप्पा मंदिर (Img : pinterest)
मकरविलक्कू सबरीमाला मंदिर का प्रमुख वार्षिक धार्मिक उत्सव है। मकर संक्रांति के दिन मंदिर से दूर एक पहाड़ी पर मकर ज्योति के दर्शन करने की परंपरा है। इस दौरान दीप जलाने का भी विशेष महत्व है। मकरविलक्कू उत्सव में शामिल होने और भगवान अयप्पा का आशीर्वाद लेने के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु सबरीमाला पहुंचते हैं।
Location : Kerala
Published : 23 November 2026, 2:19 PM IST