UP Assembly Election 2027: मतदान आपका अधिकार, सुरक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी! महराजगंज में चुनावी तैयारियां तेज

महराजगंज में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने अधिकारियों को मतदान केंद्रों का रूट चार्ट तैयार करने, बूथों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने और संवेदनशील क्षेत्रों की वल्नरेबिलिटी मैपिंग कराने के निर्देश दिए।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 23 November 2026, 6:44 PM IST
google-preferred

महराजगंज: विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर महराजगंज जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को अभी से जिम्मेदारियां सौंपनी शुरू कर दी गई हैं।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई कार्यशाला

चुनाव की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में सेक्टर अधिकारियों एवं सेक्टर पुलिस अधिकारियों की कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें बूथों की व्यवस्था से लेकर संवेदनशील इलाकों की पहचान और सुरक्षा इंतजामों तक की रणनीति पर चर्चा की गई।

बूथों पर जरूरी सुविधाओं की होगी जांच

जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों का रूट चार्ट समय से तैयार कर लिया जाए। प्रत्येक बूथ पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं (AMF) की उपलब्धता चेकलिस्ट के अनुसार सुनिश्चित की जाए। मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का सत्यापन कर कमियों को समय रहते दूर कराया जाए।

संवेदनशील और कमजोर मतदाता क्षेत्रों की होगी मैपिंग

डीएम ने सभी एसडीएम और सीओ को संयुक्त बैठक कर वल्नरेबिलिटी मैपिंग प्रभावी ढंग से कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व में चिह्नित संवेदनशील क्षेत्रों की वर्तमान परिस्थितियों के आधार पर दोबारा समीक्षा की जाए। एसडीएम और सीओ संयुक्त रूप से मतदान केंद्रों का भ्रमण कर पहुंच मार्ग, मूलभूत सुविधाओं, संवेदनशील इलाकों और कमजोर मतदाता क्षेत्रों का सत्यापन करेंगे।

एसपी ने थानाध्यक्षों को दिए सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का भ्रमण कर वल्नरेबिलिटी और एएमएफ के संबंध में रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया। साथ ही स्टेटिक सर्विलांस टीम (SST) और फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (FST) की तैनाती के लिए संभावित स्थलों की सूची तैयार करने को कहा। उन्होंने सभी सीओ को थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

ईवीएम-वीवीपैट और मॉक पोल की प्रक्रिया पर चर्चा

मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यशाला में अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी। ईवीएम, वीवीपैट, मॉक पोल की प्रक्रिया, मशीनों के सुरक्षित परिवहन और मतदान दिवस पर नियमित निगरानी के बारे में बताया गया। अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और मतदान के बाद निर्वाचन सामग्री व अभिलेखों को सुरक्षित जमा कराने के निर्देश दिए गए।

निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन पर जोर

अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने चुनाव पूर्व की जाने वाली आवश्यक कार्यवाहियों की जानकारी देते हुए कहा कि सभी अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि निर्वाचन की संवेदनशीलता से सभी अधिकारी परिचित हैं। इसलिए तैयारियों में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।

ये अधिकारी रहे मौजूद

कार्यशाला में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सेक्टर अधिकारी, पुलिस सेक्टर अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  23 November 2026, 6:44 PM IST

Related News

Advertisement