NCERT के 441 करोड़ के टेंडर पर AAP का बड़ा सवाल! सौरभ भारद्वाज बोले- 60 रुपये का कागज 88 रुपये किलो कैसे पहुंचा?

AAP सांसद संजय सिंह और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने NCERT के 441 करोड़ रुपये के कागज खरीद टेंडर पर सवाल उठाए हैं। कंपनियों की पात्रता, कागज की बढ़ती कीमत और कथित मिलीभगत की जांच की मांग की है। इसके साथ ही दिल्ली जल बोर्ड की जमीनों के मोनेटाइजेशन को लेकर भाजपा सरकार को घेरा है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 23 November 2026, 5:39 PM IST
google-preferred

New Delhi: नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) ने NCERT की कागज खरीद प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। राज्यसभा सांसद संजय सिंह और दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को आरोप लगाया कि NCERT ने कागज खरीदने के लिए जारी टेंडर में नियमों की अनदेखी की और कथित तौर पर पहले से विवादों में रही तीन कंपनियों को करीब 441 करोड़ रुपये का ठेका दे दिया। संजय सिंह ने कागज की खरीद दर में एक साल के भीतर हुई बढ़ोतरी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब एक दूसरी कंपनी 75 रुपये प्रति किलो की दर से कागज देने को तैयार थी, तो फिर 88.20 रुपये प्रति किलो की दर से खरीद क्यों की गई? वहीं, सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि संबंधित कंपनियों को पहले असम सरकार ने कार्टेलाइजेशन के आरोपों के बाद ब्लैकलिस्ट किया था।

एक साल में 88.20 रुपये किलो पहुंची कीमत

संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कागज की खरीद कीमतों का अंतर सामने रखते हुए कहा कि NCERT ने पिछले साल 60.05 रुपये प्रति किलो की दर से कागज खरीदा था, जबकि इस बार खरीद की दर 88.20 रुपये प्रति किलो हो गई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर एक साल में कागज की कीमत इतनी ज्यादा कैसे बढ़ गई? संजय सिंह का दावा है कि एक दूसरी कंपनी ने NCERT को ईमेल भेजकर 75 रुपये प्रति किलो की दर से कागज उपलब्ध कराने की पेशकश की थी। इसके बावजूद 88.20 रुपये प्रति किलो की दर से खरीद की गई।

रावण-मेघनाद के साथ 30 फीट ऊंचे कॉकरोच का दहन! दिल्ली के दशहरा महोत्सव में गरमाई सियासत, सौरभ भारद्वाज की FIR की मांग

असम सरकार की ब्लैकलिस्टिंग का मुद्दा उठाया

AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने टेंडर में शामिल कंपनियों की पात्रता पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित कंपनियों को असम सरकार ने वर्ष 2024-25 में कार्टेलाइजेशन यानी आपसी मिलीभगत के आरोपों के बाद ब्लैकलिस्ट किया था। आरोप था कि अलग-अलग कंपनियों ने एक ही IP एड्रेस से टेंडर जमा किए थे। सौरभ भारद्वाज के मुताबिक, NCERT की टेंडर शर्तों में साफ प्रावधान था कि वर्ष 2023-24, 2024-25 या 2025-26 के दौरान किसी राज्य सरकार या अन्य सरकारी विभाग की ओर से ब्लैकलिस्ट अथवा डिबार की गई कंपनी टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले सकती।

CCI की जांच और छापेमारी का भी किया जिक्र

सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि NCERT ने वर्ष 2024 में ही संबंधित कंपनियों के खिलाफ कार्टेलाइजेशन की आशंका को लेकर भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) में शिकायत की थी। उनके मुताबिक, वर्ष 2025 में CCI की ओर से संबंधित कंपनियों के ठिकानों पर छापेमारी भी की गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब NCERT को पहले से इन कंपनियों की गतिविधियों पर संदेह था और उनके खिलाफ जांच की बात सामने आ चुकी थी तो फिर उन्हें कागज खरीदने का इतना बड़ा ठेका कैसे मिल गया? AAP नेताओं ने इस पूरे मामले में टेंडर प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।

‘2027 के रण में AAP की हुंकार’ चंदौली पहुंचे संजय सिंह ने BJP की ‘सियासत’ पर बोला धावा

संजय सिंह ने केंद्र सरकार से मांगा जवाब

राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस पूरे मामले में केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि कागज की खरीद के लिए टेंडर जारी करने से लेकर कंपनियों को ठेका देने तक जिन अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका रही है, उनकी जांच होनी चाहिए। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि अगर इस प्रक्रिया में भ्रष्टाचार या नियमों की अनदेखी हुई है तो इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

Location :  New Delhi

Published :  23 November 2026, 5:39 PM IST

Advertisement