हिंदी
देवरिया में गोवंश तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कारेकट के पास कार्रवाई करते हुए दो गोवंशीय पशुओं के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन डंडे भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी बिहार के सिवान जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर 2026 को मुखबिर से गोवंशीय पशुओं की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए बनकटा पुलिस ने कारेकट के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान दो गोवंशीय पशुओं के साथ तीन संदिग्धों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से तीन डंडे भी बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शमीम पुत्र जमादार मोहम्मद (30 वर्ष), यूनुस नट उर्फ कन्हैया पुत्र आबदीन नट (40 वर्ष) और शाहरुख नट पुत्र फूल मोहम्मद नट (33 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी बिहार के सिवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में बनकटा पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि जिले में गोवंशीय पशुओं की तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना बनकटा में मुकदमा अपराध संख्या 276/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
Location : Deoria
Published : 23 November 2026, 5:34 PM IST