युद्ध अभ्यास में हादसा: मेले में घर आने का था वादा, तिरंगे में लिपटकर आया शहीद का पार्थिव शरीर, अंतिम यात्रा में रोया बदायूं

बदायूं के आमगांव निवासी नायक अंकुश कुमार हरियाणा में सेना के युद्ध अभ्यास के दौरान टैंक की चपेट में आकर शहीद हो गए। शनिवार को बच्चों से आखिरी बार बात की थी और रविवार को घर लौटने वाले थे। पांच किलोमीटर लंबी अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। पत्नी और मां का दर्द देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 23 November 2026, 5:19 PM IST
google-preferred

Budaun News: जिस घर में पत्नी और बच्चे रविवार को अपने पिता और पति के लौटने का इंतजार कर रहे थे, वहां कुछ ही घंटों बाद मातम पसर गया। ककोड़ा मेले में शामिल होने के लिए छुट्टी मंजूर हो चुकी थी। शनिवार दोपहर नायक अंकुश कुमार ने अपने बच्चों से फोन पर बात भी की थी और रविवार को घर आने वाले थे। लेकिन किसे पता था कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी। हरियाणा के भोजराज क्षेत्र में सेना के युद्ध अभ्यास के दौरान टैंक की चपेट में आने से नायक अंकुश कुमार शहीद हो गए। रविवार सुबह जब उनका पार्थिव शरीर बदायूं के आमगांव पहुंचा तो परिवार की चीख-पुकार से पूरा गांव गमगीन हो गया। पत्नी पूजा बेसुध हो गईं, मां बेटे की अर्थी के पीछे दौड़ पड़ीं और पिता अपने आंसू छिपाते रहे। शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए निकली करीब पांच किलोमीटर लंबी यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। भारत माता की जय और अंकुश कुमार अमर रहें के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

सेना में सेवा की पारिवारिक परंपरा, 2010 में हुए थे भर्ती

नायक अंकुश कुमार बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के आमगांव के रहने वाले थे। उनके परिवार का सेना से पुराना जुड़ाव रहा है। उनके पिता आदेश कुमार भी सेना से सेवानिवृत्त हैं। चाचा घनेन्द्र सिंह और ताऊ के बेटे अमित कुमार भी सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

अंकुश कुमार वर्ष 2010 में नागपुर के कांठी से सेना में भर्ती हुए थे। करीब दो साल पहले उनका प्रमोशन हुआ था। परिवार के लिए यह गर्व की बात थी कि अंकुश भी सेना में रहकर देश की सेवा कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी पूजा, सात साल का बेटा हर्ष और 11 साल की बेटी नंदिनी हैं। उनका छोटा भाई विनीत नौकरी करता है।

पांच किलोमीटर की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब (Image: Dynamite News)

पांच किलोमीटर की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब (Image: Dynamite News)

शनिवार को बच्चों से की थी आखिरी बातचीत, रविवार को लौटना था घर

परिवार के सदस्य अमित ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे अंकुश ने अपने बच्चों से फोन पर बात की थी। रविवार को उनकी घर वापसी होनी थी। ककोड़ा मेले में शामिल होने के लिए उनकी छुट्टी भी मंजूर हो चुकी थी। परिवार को उम्मीद थी कि अंकुश जल्द ही घर पहुंचेंगे और सभी के साथ समय बिताएंगे।

लेकिन घर लौटने से पहले ही युद्ध अभ्यास के दौरान हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस घर में उनके स्वागत की तैयारी होनी थी, वहां उनके पार्थिव शरीर के पहुंचने का इंतजार होने लगा।

पांच किलोमीटर की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

रविवार सुबह करीब नौ बजे अंकुश कुमार का पार्थिव शरीर बदायूं पहुंचा। बरेली कैंट से सेना के वाहन में पार्थिव शरीर को शहर के दातागंज तिराहे स्थित डिपॉल स्कूल लाया गया। यहां पहले से ही सेना का दूसरा वाहन फूलों से सजाकर तैयार रखा गया था। इसके बाद पार्थिव शरीर को उस सैन्य वाहन में रखा गया और अंतिम यात्रा की तैयारियां शुरू हुईं।

करीब पांच किलोमीटर लंबी अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। रास्ते भर भारत माता की जय और अंकुश कुमार अमर रहें के नारे गूंजते रहे। लोग अपने वीर जवान को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट सुमित सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए चार थानों की पुलिस भी तैनात की गई थी।

पार्थिव शरीर देखते ही बेसुध हुई पत्नी, बेटे को विदा करते वक्त दौड़ी मां

जैसे ही अंकुश कुमार का पार्थिव शरीर आमगांव स्थित घर पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी पूजा रोते-रोते बेहोश हो गईं। परिवार के दूसरे सदस्य भी खुद को संभाल नहीं पाए। पिता आदेश कुमार अपने आंसू छिपाने की कोशिश करते रहे, जबकि छोटा भाई विनीत उन्हें ढांढस बंधाता रहा।

सबसे भावुक पल तब आया, जब अंकुश की अर्थी उठाई गई। बेटे को अंतिम विदाई देते समय मां पीछे दौड़ पड़ीं। वह बार-बार कह रही थीं कि उनके बेटे को कहां ले जाया जा रहा है। पत्नी पूजा भी रोते हुए कहती रहीं कि अंकुश को मेले के लिए घर लौटना था। अब दो दिन बाद लौटे भी हैं तो इस हालत में।

परिवार ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी (Image: Dynamite News)

परिवार ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी (Image: Dynamite News)

32 टैंकों के युद्ध अभ्यास के दौरान कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के भोजराज क्षेत्र में सेना का नियमित युद्ध अभ्यास चल रहा था। इस अभ्यास में करीब 32 टैंक एक साथ मूवमेंट कर रहे थे। भारी टैंकों के लगातार चलने से इलाके में धूल का घना गुबार उठ गया था। इसके कारण सामने देखने की क्षमता काफी कम हो गई।

इसी दौरान एक टैंक के ड्राइवर को आगे मोर्चे पर तैनात जवान दिखाई नहीं दिए। टैंक दोनों जवानों के ऊपर से गुजर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद सेना के जवानों और अधिकारियों ने तुरंत दोनों को संभाला और बिना देरी किए हिसार के मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चोटें गंभीर होने के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

नायक अंकुश कुमार की शहादत से बदायूं के आमगांव में शोक की लहर है। जिस परिवार को रविवार को उनके घर लौटने की खुशी थी, उसी परिवार ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

Location :  Budaun News

Published :  23 November 2026, 5:19 PM IST

Advertisement