गुजरात में लूट-डकैती कर यूपी में छिपे थे आरोपी, आगरा में STF के जाल में ऐसे फंसे

गुजरात में लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम देकर यूपी में घूम रहे दो वांछित आरोपियों का सफर आगरा में खेल खत्म हो गया। दोनों को यमुना एक्सप्रेसवे के पास यूपी एसटीएफ ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। अब गुजरात पुलिस दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर ले जाने की तैयारी में जुटी है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 23 November 2026, 7:11 PM IST
google-preferred

आगरा: यूपी एसटीएफ की आगरा यूनिट ने गुजरात के राजकोट में लूट और डकैती की वारदातों में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 22 नवंबर को आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के पास से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आस मोहम्मद उर्फ आशु और विजय के रूप में हुई है। दोनों मथुरा जिले के निवासी बताए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ को दोनों वांछित आरोपियों के आगरा क्षेत्र से गुजरने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसटीएफ आगरा यूनिट ने खंदौली थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के पास घेराबंदी की। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी नोएडा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान टीम ने उन्हें रोककर गिरफ्तार कर लिया।

राजकोट में बैंक जा रहे व्यक्ति को बनाया था निशाना

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी गुजरात के राजकोट स्थित बी डिवीजन थाने में दर्ज लूट और डकैती के मुकदमे में वांछित थे। आरोप है कि उन्होंने बैंक में रुपये जमा कराने जा रहे एक व्यक्ति को लूट का निशाना बनाया था। इस मामले में गुजरात पुलिस को दोनों की तलाश थी।

गुजरात में लूट-डकैती कर यूपी में छिपे थे आरोपी, आगरा में STF के जाल में ऐसे फंसे

आगरा में STF की घेराबंदी से नहीं बच पाए शातिर आरोपी (इमेज सोर्स-इंटरनेट)

आस मोहम्मद पर यूपी के कई जिलों में मुकदमे

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल आस मोहम्मद उर्फ आशु का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लूट और डकैती के मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ अब दोनों आरोपियों से संबंधित अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी भी जुटा रही है।

आगरा पहुंची कंगना रनौत, परिवार संग किया ताज का दीदार

गुजरात पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर ले जाने की तैयारी में

यह कार्रवाई एसटीएफ आगरा यूनिट ने एएसपी राकेश की निगरानी में की। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को खंदौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। अब गुजरात पुलिस उन्हें अपने साथ ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी कर रही है, ताकि राजकोट में दर्ज लूट और डकैती के मामले में आगे की पूछताछ की जा सके।

फिलहाल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी को गुजरात पुलिस के लिए अहम सफलता माना जा रहा है। पुलिस उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संभावित संलिप्तता की भी पड़ताल कर सकती है।

Location :  Agra

Published :  23 November 2026, 7:04 PM IST

Advertisement