‘राधे-राधे चंदा चोरों को सबक सिखा दे’, कांग्रेस के इस नारे से गरमाई यूपी की सियासत

आगरा में कांग्रेस की जनसभा के दौरान सियासी माहौल गरमा गया। प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा पर कई मुद्दों को लेकर तीखे सवाल उठाए। वहीं, सपा के साथ गठबंधन को लेकर उनके बयान ने राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 21 November 2026, 6:22 PM IST
google-preferred

Agra News: आगामी राजनीतिक लड़ाई को लेकर कांग्रेस ने आगरा में जनसभा के जरिए अपनी ताकत दिखाने की कोशिश की। पार्टी ने इस कार्यक्रम को 'शंखनाद' का नाम दिया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष, आराधना मिश्रा, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी समेत आगरा, मथुरा और कई अन्य शहरों से नेता पहुंचे। जनसभा में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने शिक्षा, किसान, गन्ना भुगतान और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। वहीं, समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने साफ जवाब देने से परहेज किया और कहा कि बातचीत चल रही है।

आगरा की जनसभा को कांग्रेस ने दिया 'शंखनाद' का नाम

कांग्रेस की ओर से आगरा में आयोजित इस जनसभा में पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष, आराधना मिश्रा, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी समेत आगरा और मथुरा सहित कई शहरों से नेता कार्यक्रम में पहुंचे। सभा के जरिए कांग्रेस ने राजनीतिक गतिविधियों को धार देने और जनता के बीच अपनी बात रखने की कोशिश की।

आगरा में कांग्रेस की रैली (Image: Dynamite News)

आगरा में कांग्रेस की रैली (Image: Dynamite News)

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा को निशाने पर लिया। उन्होंने मथुरा में भाजपा की ओर से दिए गए नारे का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने नारा दिया था, 'राधे-राधे कमल खिला दे।' इसके जवाब में कांग्रेस ने कहा है, 'राधे-राधे चंदा चोरों को सबक सिखा दे।'

स्कूल बंद करने से लेकर चंदे तक के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में 27 हजार स्कूल बंद कराए गए। उन्होंने चंदे को लेकर भी भाजपा पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा चंदा खा गई, कई राजनीतिक पार्टियां खा गई, कई सरकारें खा गई और यहां तक कि सांसद-विधायक भी खा गई।

प्रदेश प्रभारी ने शिक्षा और किसानों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा को महंगा करके लोगों से शिक्षा का अधिकार छीन लिया गया है। किसानों के बुवाई के अधिकार पर भी असर पड़ा है और गन्ना किसानों का भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जनता इन सभी मुद्दों को देख रही है और सरकार से जुड़े सवालों को समझ रही है।

एनकाउंटर के नाम पर हत्या कराने का लगाया आरोप

जनसभा में कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि एनकाउंटर के नाम पर ब्राह्मणों, दलितों और मुसलमानों की पुलिस से हत्या कराई गई। ये आरोप लगाते हुए उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।

उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि जब कांग्रेस ने देश की सत्ता संभाली थी, तब देश का विकास हुआ। लेकिन अब देश पिछड़ रहा है। उनके इस बयान के जरिए कांग्रेस ने भाजपा सरकार की नीतियों और कामकाज पर सवाल उठाने की कोशिश की।

सपा से गठबंधन पर बोले- बातचीत चल रही है

जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर भी सवाल उठे। हालांकि, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम इस मुद्दे पर विस्तार से बोलने से बचते नजर आए। उन्होंने इतना ही कहा कि समाजवादी पार्टी के साथ बातचीत चल रही है। उनके इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में कांग्रेस और सपा के बीच संभावित गठबंधन को लेकर चर्चाएं बनी हुई हैं।

Location :  Agra

Published :  21 November 2026, 6:22 PM IST

Related News

Advertisement