बाइक की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे दो छात्र, पीछे से आई ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला; इकलौते बेटे की मौत से मचा कोहराम

सीतापुर के मिश्रिख में बाइक की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे दो छात्रों को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। हादसे में 18 वर्षीय लवकुश की मौके पर मौत हो गई, जबकि दोस्त करण गंभीर घायल है। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 23 November 2026, 7:32 PM IST
google-preferred

Sitapur: सीतापुर में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। बाइक की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे दो छात्रों को पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। हादसे में 18 वर्षीय छात्र लवकुश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त करण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को अस्पताल भिजवाया।

टक्कर के बाद सड़क पर गिर पड़े दोनों छात्र

जानकारी के मुताबिक, हादसा मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के सीधौली-मिश्रिख मार्ग पर कल्ली चौराहे के पास हुआ। चांदपुर निवासी रामखेलावन का 18 वर्षीय बेटा लवकुश रामसेवक मिशन गोपाल इंटर कॉलेज, कल्ली चौराहा में पढ़ाई करता था। सोमवार को वह अपने दोस्त करण कुमार (18) पुत्र रजनीश निवासी बीबीपुर, थाना नैमिष के साथ बाइक से घूमने निकला था।

सीतापुर में रफ्तार का कहर: पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने भिड़ंत, चालक की दर्दनाक मौत

लवकुश की मौके पर मौत

हादसे में लवकुश को इतनी गंभीर चोटें आईं कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसका दोस्त करण गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल करण को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महरेहटा पहुंचाया।

Sitapur News

सीतापुर में दर्दनाक हादसा (IMG: Dynamite News)

हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक फरार

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्र बाइक की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे हुए थे। इसी दौरान पीछे से आई ट्रैक्टर-ट्रॉली उन्हें कुचलते हुए निकल गई। हादसे के बाद चालक ने रुकने के बजाय वाहन समेत मौके से फरार होना उचित समझा। घटना के बाद पुलिस फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश में जुट गई है।

मेरी बेटी को किसने मार डाला? सीतापुर में पांच साल की अनन्या की मौत पर मां की चीखों ने झकझोरा

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

लवकुश की मौत की खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटे की मौत का सदमा मां रेशमा देवी बर्दाश्त नहीं कर सकीं और बेसुध हो गईं। पिता रामखेलावन ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार का इकलौता बेटा होने के कारण लवकुश से माता-पिता को काफी उम्मीदें थीं। जिस बेटे को माता-पिता ने पढ़ा-लिखाकर आगे बढ़ाने का सपना देखा था, उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।

पुलिस कर रही फरार चालक की तलाश

मिश्रिख कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद शुक्ल ने बताया कि सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Location :  Sitapur

Published :  23 November 2026, 7:32 PM IST

Advertisement