काले कोट की आड़ में अपराध का खेल? 225 वकीलों की सूची पर हाईकोर्ट हैरान, अब खुलेगी संपत्ति और अपराध की कुंडली!

लखनऊ हाईकोर्ट ने वकीलों के आपराधिक इतिहास पर सख्ती दिखाई है। 225 वकीलों की सूची पर सवाल उठाते हुए 13 के आपराधिक रिकॉर्ड और 82 पर संपत्ति कब्जाने के आरोपों की जानकारी मांगी। पुलिस को 2010 से जांच का ब्योरा पेश करने का निर्देश।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 24 November 2026, 1:11 PM IST
google-preferred

Lucknow: कानून की किताबों में न्याय और संविधान की रक्षा की शपथ लेने वाला काला कोट अगर किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल होने के आरोपों से घिरने लगे तो यह न्याय व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बन जाता है। लखनऊ में जिला कोर्ट परिसर में वादकारी और दिल्ली से आए उनके अधिवक्ताओं के साथ हुई मारपीट के मामले में हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने इसी पहलू पर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस के खुफिया विभाग की रिपोर्ट में वकीलों के आपराधिक इतिहास से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद अदालत ने हैरानी जताई।

वकीलों से मांगा संपत्ति और आय का हिसाब

मामले में हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने कथित रूप से शामिल तीन वकीलों सौरभ कुमार वर्मा, हर्षित पांडेय उर्फ यश और अभय प्रताप वर्मा को लेकर महत्वपूर्ण आदेश दिया है। न्यायालय ने तीनों से आयकर रिटर्न, चल-अचल संपत्तियों, व्यवसाय और पिछले पांच वर्षों के दौरान संपत्तियों की खरीद-बिक्री का पूरा विवरण शपथपत्र के साथ दाखिल करने को कहा है।

लोकतंत्र और मताधिकार के मुद्दे पर 26 नवंबर को लखनऊ में जुटेगी कांग्रेस, मल्लिकार्जुन खड़गे के शामिल होने की संभावना

पुलिस की खुफिया रिपोर्ट देखकर कोर्ट ने जताई हैरानी

न्यायमूर्ति राजन राय और न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ल की खंडपीठ स्वत: संज्ञान लेकर शुरू की गई जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इसी दौरान पुलिस के खुफिया विभाग की रिपोर्ट अदालत के सामने रखी गई। रिपोर्ट देखने के बाद न्यायालय ने कहा कि इससे बहुत ही दुखद तस्वीर सामने आ रही है। अदालत ने इस बात पर चिंता जताई कि कानून के पेशे से जुड़े कुछ लोगों के खिलाफ गंभीर आपराधिक गतिविधियों से संबंधित जानकारियां सामने आ रही हैं।

225 वकीलों की सूची पर कोर्ट ने उठाए सवाल

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से आपराधिक इतिहास वाले 225 वकीलों की सूची हाईकोर्ट में प्रस्तुत की गई। हालांकि, अदालत ने इस सूची को लेकर भी महत्वपूर्ण टिप्पणी की। न्यायालय का कहना था कि सूची में ऐसे वकीलों के नाम भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ छोटे-मोटे आपराधिक मामले दर्ज हैं। ऐसे मामले किसी के भी खिलाफ हो सकते हैं। अदालत को मुख्य रूप से उन लोगों की जानकारी चाहिए, जिन पर गंभीर अपराधों और संपत्तियों पर कब्जा करने जैसी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।

Lucknow High Court

हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ (IMG: X)

ऐशबाग कब्जा प्रकरण में 13 आरोपी गिरफ्तार

सुनवाई के दौरान ऐशबाग के विवादित परिसर पर जबरन कब्जे से जुड़े मामले में भी सरकार ने अपनी रिपोर्ट पेश की। सरकार ने अदालत को बताया कि इस प्रकरण में कुल 19 आरोपी हैं, जिनमें से 13 को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में छह को जमानत मिल चुकी है। वहीं, फरार चल रहे छह आरोपियों के खिलाफ उद्घोषणा और कुर्की की कार्रवाई के लिए निचली अदालत में प्रार्थनापत्र दिया गया है।

यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 144 DSP के तबादले; महराजगंज, गोरखपुर, लखनऊ समेत कई जिलों बदले गए अफसर

वकीलों की ड्रेस में उत्पात करने वालों की 2010 से जांच होगी

इस पूरे मामले में हाईकोर्ट ने जांच का दायरा बढ़ाने के भी संकेत दिए हैं। अदालत ने लखनऊ के पुलिस कमिश्नर समेत संबंधित अधिकारियों को वर्ष 2010 से वकीलों की ड्रेस में उत्पात करने वाले लोगों से जुड़ी आपराधिक घटनाओं और मामलों का पूरा विवरण पेश करने का निर्देश दिया है। दरअसल, हाईकोर्ट के पूर्व आदेश के तहत ऐसी घटनाओं की जांच के लिए पुलिस सेल का गठन किया गया था। इस सेल ने वर्ष 2020 से संबंधित घटनाओं का डेटा जुटाया, लेकिन इससे पहले के वर्षों का रिकॉर्ड शामिल नहीं किया गया।

अगली सुनवाई 27 नवंबर को

हाईकोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर के लिए निर्धारित की है। अगली तारीख पर पुलिस कमिश्नर लखनऊ और संबंधित अधिकारियों को मांगी गई जानकारी प्रस्तुत करनी होगी। अदालत की नजर अब इस बात पर रहेगी कि पुलिस जांच में कितने लोगों का आपराधिक इतिहास सामने आता है और संपत्ति कब्जाने से जुड़े आरोपों की जांच में क्या प्रगति हुई है।

Location :  Lucknow

Published :  24 November 2026, 1:11 PM IST

Advertisement