हिंदी
महिला का शव मिलने से देवरिया में सनसनी
Deoria: रुद्रपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के जंगल में शनिवार को अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। हालांकि, काफी प्रयास के बावजूद महिला की पहचान नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार शनिवार 31 अक्टूबर को डायल 112 के माध्यम से रुद्रपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के जंगल में महिला का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन कोई भी महिला की शिनाख्त नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचायतनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब महिला की पहचान कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आसपास के गांवों में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि महिला के बारे में कोई सुराग मिल सके।
मामले की जानकारी देते क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश कुमार चतुर्वेदी
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि 112 के माध्यम से महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया।
पहचान नहीं होने पर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला की शिनाख्त के लिए लगातार सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
देवरिया में मौत के मुहाने पर पहुंची थार, निर्माणाधीन पुलिया में फंसी गाड़ी; बाल-बाल बचे सवार
फिलहाल जंगल में महिला का शव मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। महिला कौन थी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो सकेगी।
Location : Deoria,
Published : 1 November 2026, 12:34 AM IST