हिंदी
आधी रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ (IMG: Dynamite News)
Noida: नोएडा के सेक्टर-63 इलाके में रविवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर भाग रहे उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, रविवार देर रात थाना सेक्टर-63 की टीम सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों पर पड़ी। संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन युवकों ने रुकने के बजाय अपनी मोटरसाइकिलें मोड़ दीं और वहां से भागने लगे। पुलिसकर्मियों को शक हुआ तो उन्होंने तत्काल बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया।
बहलोलपुर अंडरपास से आगे ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर पहुंचने के बाद बदमाशों को एहसास हो गया कि अब उनके बचकर निकलने की संभावना कम है। पुलिस टीम ने उन्हें चारों तरफ से घेरने की कोशिश की तो आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बाद पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे घायल होकर गिर पड़े।
नोएडा में गोलियों की गूंज, पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात गैंगस्टर अमन उर्फ माया त्यागी की मौत
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए बदमाशों की पहचान विकास उर्फ कालू और राजेश उर्फ ढेडा के रूप में हुई है। विकास दिल्ली का रहने वाला है, जबकि राजेश नोएडा के बसई इलाके का निवासी बताया गया है। मुठभेड़ में दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने घायल आरोपियों के कब्जे से एक-एक अवैध तमंचा बरामद किया है। इसके अलावा मौके से दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान बदमाशों के दो अन्य साथी शंकर शर्मा और कपिल कश्यप पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से एक-एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। इसके साथ ही एक अपाचे मोटरसाइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ली है। पुलिस के मुताबिक, बरामद अपाचे मोटरसाइकिल थाना सेक्टर-49 में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस वाहन का इस्तेमाल किन वारदातों में किया गया था।
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चारों आरोपी लूटपाट करने के लिए एक खास तरीका अपनाते थे। वे आम लोगों को लिफ्ट देने का झांसा देकर अपनी गाड़ी में बैठा लेते थे। शुरुआत में उनका व्यवहार सामान्य रहता था, जिससे लोगों को उन पर शक नहीं होता था। लेकिन कुछ दूरी तय करने के बाद वे लोगों को सुनसान रास्तों की तरफ ले जाते थे। सुनसान जगह पर पहुंचने के बाद आरोपी लोगों के साथ लूटपाट करते थे और फिर उन्हें वहीं छोड़कर फरार हो जाते थे।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार और घायल आरोपियों में से तीन का आपराधिक इतिहास सामने आया है। विकास उर्फ कालू पर 22 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, राजेश उर्फ ढेडा के खिलाफ 18 और शंकर शर्मा के खिलाफ 10 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इन मामलों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मुकदमे शामिल हैं। इस तरह अकेले इन तीन आरोपियों के खिलाफ कुल 50 आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
Location : Noida
Published : 2 November 2026, 11:55 AM IST
Topics : Noida robbery gang Noida Crime News Noida Latest News Noida Police Encounter Police Encounter