महराजगंज में रातोंरात उजड़ गया मछली पालन का कारोबार, हजारों मछलियों की मौत

महराजगंज के चौक नगर पंचायत में पोखरे में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ डालने से हजारों मछलियों की मौत का मामला सामने आया है। संचालक ने आठ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।

Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में पोखरे में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ डालकर हजारों मछलियों को मारने का मामला सामने आया है। नगर पंचायत चौक के वार्ड नंबर 10 स्थित दिग्विजयनाथ नगर में सुबह पोखरे में मरी हुई मछलियां देखकर संचालक पिंटू साहनी के होश उड़ गए। पीड़ित ने किसी अज्ञात व्यक्ति पर रात में जहरीला पदार्थ डालने का आरोप लगाया है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस घटना में करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

सुबह पोखरे में उतराती मिलीं हजारों मरी हुई मछलियां

पिंटू साहनी के अनुसार, रात करीब 11 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने पोखरे में जहरीला पदार्थ डाल दिया। सुबह जब वह पोखरे पर पहुंचे तो पानी में बड़ी संख्या में मछलियां मृत अवस्था में उतराती मिलीं। अचानक हुई इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक झटका लगा है।

पीड़ित का आरोप है कि किसी ने जानबूझकर पोखरे में जहरीला पदार्थ डालकर मछलियों को नुकसान पहुंचाया है। हालांकि, अभी तक इस आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। मछलियों की मौत की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

25 लाख रुपये से अधिक में लिया था पोखरे का ठेका

बताया जा रहा है कि पिंटू साहनी ने 10 साल के लिए 25 लाख 45 हजार रुपये में पोखरे का ठेका लिया था। ठेका शुरू हुए अभी महज आठ महीने ही बीते थे कि इस घटना ने उनके मछली पालन के कारोबार को बड़ा झटका दे दिया।

शुरुआती अनुमान के मुताबिक, करीब आठ लाख रुपये की मछलियां मर गई हैं। पीड़ित संचालक के लिए यह नुकसान इसलिए भी बड़ा है, क्योंकि उन्होंने लंबे समय के लिए पोखरे का ठेका लिया था और कारोबार शुरू किए अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था।

संचालक ने की निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग

घटना के बाद पिंटू साहनी ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। साथ ही नुकसान का उचित आकलन कराकर मुआवजा दिलाने की मांग भी की है।

Kushinagar Road Accident: वैन और ट्रेलर की टक्कर में 6 की मौत, किशोर गंभीर

तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई: थानाध्यक्ष

इस संबंध में थानाध्यक्ष मनीष पटेल ने बताया कि अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पोखरे में मछलियों की मौत किस वजह से हुई और क्या वाकई किसी ने जानबूझकर जहरीला पदार्थ डाला था।

Location :  Maharajganj

Published :  2 November 2026, 11:22 AM IST

Advertisement