Hathras: चेहरे से नहीं, चाल और चप्पलों से पकड़ा गया ATM तोड़ने वाला आरोपी

ATM तोड़ने के लिए शातिर ने पूरी तैयारी की थी, लेकिन एक छोटी सी चूक उसे सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए काफी साबित हुई। न चेहरा साफ दिखा, न पहचान आसान थी, फिर भी 300 मीटर दूर लगे CCTV कैमरे ने ऐसा सुराग दिया कि पुलिस सीधे आरोपी तक पहुंच गई।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 2 November 2026, 6:37 AM IST
google-preferred

Hathras: जिले के मुरसान कस्बे में रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एटीएम को तोड़कर नकदी चोरी करने के प्रयास का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। खास बात यह रही कि एटीएम बूथ के अंदर लगे CCTV कैमरे में उसका चेहरा स्पष्ट नहीं आया था। इसके बावजूद करीब 300 मीटर दूर लगे कैमरों की फुटेज के विश्लेषण से पुलिस आरोपी तक पहुंच गई।

अपराधी ने चेहरा छिपाकर एटीएम तोड़ने की कोशिश की, लेकिन उसकी चाल और चप्पलों ने पुलिस के सामने उसकी पहचान उजागर कर दी।

रात 2:53 से 3:10 बजे के बीच हुई थी वारदात

पुलिस के मुताबिक, 30/31 अक्टूबर की रात हाथरस-मथुरा रोड पर मुरसान रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एटीएम को लोहे के टायर लीवर से तोड़कर नकदी चोरी करने का प्रयास किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में एसओजी और मुरसान पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की थीं।

जांच के दौरान एटीएम की तकनीकी पड़ताल से वारदात का समय रात 2:53 से 3:10 बजे के बीच निर्धारित किया गया। बूथ की ट्यूबलाइट क्षतिग्रस्त होने के कारण अंदर अंधेरा था और कैमरे में आरोपी का चेहरा साफ नहीं दिखाई दिया।

चाल और चप्पलों ने खोल दिया पहचान का राज

इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। एक कैमरे में संदिग्ध की चाल, बाएं पैर पर असामान्य दबाव और चौड़ी पट्टी वाली चप्पलें पुलिस के लिए अहम सुराग बन गईं।

स्थानीय पूछताछ में पता चला कि किला मढ़ैया निवासी सनी पुत्र लख्मीचंद के बाएं पैर में करीब दो सप्ताह पहले नेपाल में मिठाई बनाते समय जलने की चोट लगी थी। फुटेज में दिखाई दे रही चाल और पैर की चोट का मिलान करने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

Jindal Estate Cup पर दो टीमों का कब्जा, पोलो एस्टेट और मेफेयर पोलो बने संयुक्त विजेता

नशे की लत पूरी करने के लिए तोड़ना चाहता था ATM

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए एटीएम तोड़ने का प्रयास करना स्वीकार किया। वह टायर पंचर में इस्तेमाल होने वाले रबर सॉल्यूशन को सूंघने का आदी है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का टायर लीवर बरामद किया गया है।

Hathras Road Accident: हाथरस में बोलेरो की टक्कर से मजदूर की मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ मुरसान थाने में पहले भी विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम और एसओजी प्रभारी धीरज गौतम शामिल रहे।

Location :  Hathras

Published :  2 November 2026, 6:36 AM IST

Advertisement