हिंदी
मुठभेड़ में घायल आरोपी (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: बेलीपार थाना क्षेत्र में महिला को मोटरसाइकिल से धक्का देकर गिराने और उपचार के दौरान उसकी मौत के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को कसिहार बंधे के पास पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी रवि निषाद के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पहले सीएचसी कौड़ीराम ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि महिला की मौत के मामले में वांछित रवि निषाद कसिहार बंधे के पास मौजूद है। इसके बाद बेलीपार थाना पुलिस ने एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और एंटी थेफ्ट टीमों के साथ घेराबंदी की। पुलिस टीम ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को वादी ने बेलीपार थाने में तहरीर देकर बताया था कि वह अपनी पत्नी मीरा पांडेय को मोटरसाइकिल पर बैठाकर जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने कथित तौर पर उसकी पत्नी को जान से मारने की नीयत से धक्का दे दिया। सड़क पर गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 247/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
आरोपी अस्पताल में भर्ती (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। मुठभेड़ और हथियार बरामदगी के मामले में बेलीपार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 251/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/25/27 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रतापगढ़ में स्कूलों की छुट्टी! तूफान के खतरे को देखते हुए प्रशासन का बड़ा फैसला
गिरफ्तार आरोपी रवि निषाद पुत्र संजय निषाद, बेलीपार थाना क्षेत्र के चंदौली बुजुर्ग गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ थाने में कुल चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें महिला की मौत का मामला, मुठभेड़ और हथियार बरामदगी का मुकदमा तथा दो अन्य मामले शामिल हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश पूरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी बांसगांव के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान में बेलीपार थानाध्यक्ष राजकुमार बरवार के साथ एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और एंटी थेफ्ट टीमों के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 29 October 2026, 8:49 AM IST