हिंदी
गिरफ्तार आरोपी (Image Source: Internet)
Ghaziabad: उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-1 में पोस्टल विभाग में तैनात सीनियर अकाउंटेंट शशांक कंथारिया पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे जिम ट्रेनर प्रताप सिंह शशांक के घर पहुंचा और उन पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। आरोप है कि हमलावर ने शशांक के शरीर पर करीब 12 वार किए। घटना के समय उनकी साढ़े तीन साल की बेटी भी घर में मौजूद थी।
हमले में गंभीर रूप से घायल शशांक ने किसी तरह हमलावर का मुकाबला किया और जान बचाकर घर से बाहर निकल आए। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने प्रताप सिंह को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल शशांक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, शशांक मूलरूप से झांसी के रहने वाले हैं। वह पत्नी प्रिया शर्मा और बेटी के साथ वसुंधरा में रहते हैं। पति-पत्नी दोनों दिल्ली के पोस्टल विभाग में सीनियर अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं।
पुलिस पूछताछ में प्रताप सिंह ने बताया कि प्रिया करीब आठ महीने से उसके जिम में आती थी। इसी दौरान दोनों की दोस्ती हुई और फिर उनके बीच संबंध बन गए। पुलिस के अनुसार, दोनों शादी करना चाहते थे और अक्सर एक-दूसरे के फ्लैट पर मिलते थे। बताया गया है कि शशांक को पत्नी और प्रताप के संबंधों की जानकारी हो गई थी। उन्होंने कई बार इसका विरोध किया था।
पुलिस का कहना है कि शशांक ने विवाद के चलते दिवाली के बाद मकान बदलने का फैसला किया था। आरोप है कि इससे नाराज होकर प्रिया और प्रताप ने 25 अक्टूबर को शशांक की हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, वारदात वाले दिन प्रिया घर का दरवाजा बंद किए बिना कार से जिम चली गई, जिसके बाद प्रताप घर में दाखिल हुआ और शशांक पर हमला कर दिया।
यूपी में बिजली बिल को लेकर बड़ा अपडेट, लगातार पांचवें महीने उपभोक्ताओं को राहत
परिजनों के अनुसार, शशांक के गले पर गहरे घाव हैं और जीभ भी कट गई है। बुधवार को उनकी सर्जरी हुई। कुछ देर के लिए उन्होंने आंखें खोलीं, लेकिन बाद में फिर बेहोश हो गए। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। शशांक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने प्रिया शर्मा और प्रताप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया। दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद करने की बात कही है।
Location : Ghaziabad
Published : 29 October 2026, 12:27 AM IST