हिंदी
कांति सिंह की धमाकेदार जीत (Image Source: Internet)
Lucknow: उत्तर प्रदेश के लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी कांति सिंह ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा के मौजूदा एमएलसी अवनीश कुमार सिंह को 17,127 मतों से हराकर सीट पर कब्जा जमा लिया। मंगलवार से शुरू हुई मतगणना बुधवार देर रात तक चली। नौवें और अंतिम चक्र की गिनती पूरी होने के बाद कांति सिंह को कुल 56,905 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी अवनीश कुमार सिंह को 39,778 मत प्राप्त हुए।
इस नतीजे को भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। कांति सिंह ने शुरुआती चरण से ही बढ़त बना ली थी और हर चक्र के साथ दोनों प्रत्याशियों के बीच अंतर बढ़ता गया। अंतिम नतीजे ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया और सपा ने छह साल बाद इस सीट पर वापसी की।
कांति सिंह की जीत इसलिए भी अहम है, क्योंकि उनका मुकाबला उसी प्रत्याशी से था, जिससे वह पहले भी चुनाव लड़ चुकी हैं। वर्ष 2014 में कांति सिंह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पहली बार एमएलसी बनी थीं। उस चुनाव में उन्होंने अवनीश कुमार सिंह को 6,403 मतों से हराया था।
Bihar Crime: कटिहार में खाद माफिया का आतंक! BDO को घेरा, मारपीट और चेन लूटने का आरोप
हालांकि, वर्ष 2020 के चुनाव में तस्वीर बदल गई। कांति सिंह एक बार फिर निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतरीं, लेकिन इस बार उन्हें अवनीश कुमार सिंह के हाथों हार का सामना करना पड़ा। दिलचस्प बात यह रही कि अवनीश सिंह ने भी उन्हें 6,403 मतों के अंतर से हराया था। अब 2026 के चुनाव में कांति सिंह ने सपा के टिकट पर वापसी करते हुए न सिर्फ पुरानी हार का बदला लिया, बल्कि जीत का अंतर भी काफी बढ़ा दिया।
मतगणना के शुरुआती दौर से ही कांति सिंह आगे चल रही थीं। पांचवें चक्र तक उनकी बढ़त 10 हजार के पार पहुंच गई थी। इस चरण में उन्हें 32,228 वोट मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 21,843 मत प्राप्त हुए थे। दोनों के बीच अंतर 10,385 वोटों का था।
छठे चक्र में कांति सिंह को 38,723 और अवनीश सिंह को 26,498 मत मिले। सातवें चक्र तक सपा प्रत्याशी की बढ़त बढ़कर 14,235 वोट हो गई। आठवें चक्र में कांति सिंह को 51,168, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 36,313 मत प्राप्त हुए। इस समय अंतर 14,855 वोटों का था। नौवें और अंतिम चक्र में कांति सिंह ने अपनी बढ़त और मजबूत की तथा 17,127 मतों से जीत दर्ज की। यह नतीजा लखनऊ खंड स्नातक सीट पर सपा की मजबूत वापसी के रूप में देखा जा रहा है।
Location : Lucknow
Published : 29 October 2026, 1:58 AM IST