हिंदी
बंदायू में जमीनी विवाद में घमाशान (Image Source: Dynamite News)
Badaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिसौली कोतवाली क्षेत्र के सुजानपुर गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि एसडीएम के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम द्वारा जमीन की पैमाइश और पक्की ठियाबंदी किए जाने के बाद एक पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया गया। खेत पर घेरकर किए गए हमले में एक नाबालिग बच्ची समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हमले में फावड़ा, भाला और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चार घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल बदायूं रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला बिसौली कोतवाली क्षेत्र के सुजानपुर गांव का है। यहां दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद के निस्तारण के लिए धारा 24 के तहत एसडीएम के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ गांव पहुंची थी। टीम ने मौके पर जमीन की पैमाइश की और पक्की ठियाबंदी की कार्रवाई पूरी की।
मासूम बेटे की आंखों के सामने पिता पर हमला, हमीरपुर में जुताई का रुपया मांगने पर चाकू और रॉड से पीटा
बताया जा रहा है कि राजस्व विभाग की टीम के वापस लौटते ही विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने खेत पर मौजूद लोगों को घेर लिया और फावड़ा, भाला तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में कई लोग घायल हो गए। इस दौरान एक नाबालिग बच्ची को भी चोटें आईं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
जमीनी विवाद में मारपीट, आधा दर्जन लोग घायल (Image Source: Dynamite News)
इस संघर्ष में एक पक्ष के करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए बिसौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इनमें चार लोगों की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का भी उपचार कराया जा रहा है।
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मारपीट की घटना दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। जमीन की पैमाइश और ठियाबंदी के तुरंत बाद हुई इस घटना को लेकर इलाके में चर्चा है।
प्रदर्शनकारियों को सुप्रीम कोर्ट की नसीहत, ‘एक जगह पर हमेशा कब्जा करके नहीं रख सकते’
घटना की सूचना मिलने के बाद बिसौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
Location : Budaun
Published : 3 November 2026, 3:15 PM IST