देवरिया में विकास कार्यों की पोल खुली: बिना पानी निकाले कराया जा रहा था नाला निर्माण, ग्रामीणों का हंगामा

देवरिया के सलेमपुर में बस स्टैंड मार्ग पर नाला निर्माण में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। नाले की तली में पानी भरा होने के बावजूद बिना सोचे-समझे निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जिससे गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

Updated : 3 November 2026, 2:21 PM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सलेमपुर में लापरवाही की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो विकास कार्यों के दावों की पोल खोलती है। यहां नवनिर्मित बस स्टैंड तक जाने वाली सड़क के किनारे बनाए जा रहे नाले का काम पानी के बीच ही कराया जा रहा था। जब स्थानीय लोगों ने देखा कि नाले की तली में पानी भरा होने के बावजूद बिना सोचे-समझे निर्माण धड़ल्ले से चल रहा है, तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया।

पानी से भरे नाले में हो रहा था निर्माण कार्य

स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि पानी भरे होने के कारण यह साफ ही नहीं हो पा रहा है कि निर्माण किस आधार पर और कैसे हो रहा है। बिना पानी निकाले इस तरह से काम करना सीधे तौर पर गुणवत्ता और मानकों के साथ खिलवाड़ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार सिर्फ अपना काम जल्दी खत्म करने के चक्कर में घटिया निर्माण करवा रहा है, जिसका खामियाजा बाद में आम जनता को भुगतना पड़ेगा।

बरेली में SSP का बड़ा एक्शन, 6 पुलिसकर्मी इधर से उधर, जानें किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी

लोगों की मुख्य मांग है कि पहले नाले में भरा पानी बाहर निकाला जाए, जमीन की तलहटी को ठीक किया जाए और उसके बाद तय मानकों के हिसाब से ही काम आगे बढ़ाया जाए। उनका तर्क है कि अगर शुरुआत में ही नींव कमजोर रह गई, तो आने वाले दिनों में इलाके की जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो जाएगी और सारा सरकारी पैसा बर्बाद हो जाएगा।

अब अधिकारियों पर टिकी नजरें

फिलहाल ग्रामीणों के कड़े विरोध के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया है। लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि वे खुद मौके पर आएं, निर्माण सामग्री की जांच करें और आगे का काम पूरी तरह अधिकारियों की निगरानी में ही शुरू करवाएं। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार विभाग इस मामले का संज्ञान लेकर जांच कराएगा या फिर जनता के विरोध के बाद भी मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा?

देवरिया में तेज रफ्तार बोलेरो का कहर, बुजुर्ग की मौत; दो मासूम जिंदगी-मौत से जूझ रहे

Location :  Deoria

Published :  3 November 2026, 2:21 PM IST

Advertisement